Home News छत्तीसगढ़ में खुलेंगे पांच नए मेडिकल कॉलेज: गीदम, कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और...

छत्तीसगढ़ में खुलेंगे पांच नए मेडिकल कॉलेज: गीदम, कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी…

14
0

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पांच नए मेडिकल कालेज खोलने की मंजूरी केंद्र सरकार से मिल गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस बारे में जानकारी साझा की है। श्री साय ने लिखा है कि, डबल इंजन सरकार में चिकित्सा शिक्षा का ऐतिहासिक विस्तार, प्रदेश को 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति। उनहोंने आगे लिखा है कि, कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित गीदम (दंतेवाड़ा) से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ के वनांचल कुनकुरी (जशपुर) तक, अब हमारे युवाओं के सपनों को नई उड़ान और प्रदेश को सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था का नया आधार मिल रहा है।
प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचेंगी स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सा शिक्षा.
सीएम साय ने लिखा कि, गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा एवं कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों वाले 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से मिली स्वीकृति, डबल इंजन सरकार के सुशासन, दूरदर्शी नेतृत्व और प्रदेश के अंतिम छोर तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ एवं चिकित्सा शिक्षा पहुँचाने के संकल्प की ऐतिहासिक उपलब्धि है।
सीएम साय ने मोदी और नड्डा का माना आभार.
इस जनहितकारी निर्णय के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आदरणीय श्री जे.पी. नड्डा जी का समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से हार्दिक आभार। यह ऐतिहासिक पहल प्रदेश के युवाओं के सपनों को नई दिशा देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को भी नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। इसके साथ ही मनेंद्रगढ़ क्षेत्र को भी एक ऐतिहासिक सौगात मिली है। यहां बन रहे नए सरकारी मेडिकल कॉलेज को नेशनल मेडिकल कमीशन की हरी झंडी मिल गई है। बताया जा रहा है कि, वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होंगी 50 MBBS सीटें।
जो वादा किया वो निभाया: जायसवाल: NMC के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने लेटर ऑफ परमिशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री और मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल का दावा सच साबित हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा, जो जनता से वादा किया, वो पूरा करके दिखाया। स्वास्थ्य मंत्री ने पीएम मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और सीएम विष्णुदेव साय का जताया आभार।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here