राजनांदगांव / नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ, नगरीय निकाय विभाग, छत्तीसगढ़ की जिला इकाई राजनांदगांव के प्रतिनिधिमंडल ने आज नगर पालिक निगम राजनांदगांव के महापौर एवं पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव से सौजन्य भेंट कर नगर निगम के नियमित अधिकारी-कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं 8 सूत्रीय मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने महापौर महोदय को अवगत कराया कि नगर निगम के नियमित अधिकारी-कर्मचारी लंबे समय से समय पर वेतन भुगतान, पदोन्नति, लंबित एन.पी.एस. राशि जमा, शासन के नियमानुसार 14 प्रतिशत नियोजक अंशदान, पदोन्नति हेतु आवश्यक सेटअप स्वीकृति, पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ तथा सातवें वेतनमान की लंबित एरियर्स राशि जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन समस्याओं के कारण कर्मचारियों एवं उनके परिवारों में असंतोष एवं भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।
संघ ने महापौर महोदय से अनुरोध किया कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर शासन स्तर पर आवश्यक पहल करते हुए संबंधित विभाग को सकारात्मक अनुशंसा एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित करने का कष्ट करें।
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर शासन स्तर पर आवश्यक पहल एवं सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
संघ ने महापौर महोदय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान होगा।
इस अवसर पर संभागीय उपाध्यक्ष राकेश ठाकुर ,जिला अध्यक्ष श्री गोकुल प्रसाद कंवर सहित संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे सुनील घडश्याम जिला मिडिया प्रभारी जानकारी दी


