डोंगरगढ़ (दावा)। डोंगरगढ़ शहर के प्रसिद्ध क्रॉस पहाड़ी क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भिलाई से गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाना राजनांदगांव और डोंगरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।
० क्रॉस पहाड़ी पर घटी वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अशोक तिवारी (निवासी बुधवारी पारा, वार्ड नं. 14, डोंगरगढ़) ने 3 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 2 अगस्त की शाम लगभग 7:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भतीजे आर्यन तिवारी को किसी अज्ञात व्यक्ति ने चाकू मार दिया है। जिसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल डोंगरगढ़ लाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर घायल आर्यन तिवारी ने बताया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ 2 अगस्त की शाम करीब 7 बजे क्रॉस पहाड़ी गया हुआ था। उसी दौरान आरोपी विक्रम कुल्लू वहां पहुंचा और प्रेम-प्रसंग की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। बात बढऩे पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू से आर्यन के पेट पर वार कर दिया। जिससे उसे गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल को प्राथमिक उपचार के पश्चात मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पेंड्री, राजनांदगांव) भेजा गया, जहां से उसकी स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 430/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), एवं 109 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। डोंगरगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साइबर थाना राजनांदगांव की तकनीकी मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और भिलाई में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपी विक्रम कुल्लू (19 वर्ष), पिता दिलीप कुल्लू, निवासी महावीर पारा, थाना डोंगरगढ़ है। कड़ी पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में ज्यूडिशियल रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है।



