Home छत्तीसगढ़ खेत में काम कर रहे किसानों पर जंगली सूअर का जानलेवा हमला,...

खेत में काम कर रहे किसानों पर जंगली सूअर का जानलेवा हमला, महिला सहित 4 घायल…

17
0

ग्राम चैतुखपरी में सुबह हुआ हमला, गंभीर रूप से घायल 3 किसान राजनांदगांव रेफर, वन विभाग ने दी तात्कालिक सहायता

राजनांदगांव (दावा)। समीपस्थ ग्राम चैतुखपरी में बुधवार सुबह खेतों में काम कर रहे किसानों पर जंगली सूअरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला सहित चार किसान घायल हो गए हैं। घायलों में से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
झुंड से निकले बड़े सूअर ने किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लगभग 9 बजे रोजाना की तरह ग्रामीण अपने-अपने खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान सात से आठ जंगली सूअरों का एक झुंड खेतों में घुस आया। झुंड में शामिल एक बड़े सूअर ने खेतों में मौजूद किसानों पर एक-एक कर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।

एक निजी तो दो मेडिकल कॉलेज में भर्ती
हमले में घायल किसानों को ग्रामीणों ने तुरंत संभाला और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से घायल एक ग्रामीण (निवासी कोटीछापर) को छुट्टी दे दी गई। जबकि ग्राम चैतुखपरी के तीन गंभीर रूप से घायल किसानों को राजनांदगांव भेजा गया। घायलों में दीपक वर्मा (35 वर्ष) की स्थिति नाजुक होने पर उन्हें संजीवनी हॉस्पिटल राजनांदगांव में भर्ती कराया गया है। वहीं कुंभकरण वर्मा (55 वर्ष) तथा विश्व बाई वर्मा (52 वर्ष) का इलाज राजनांदगांव स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

वन विभाग ने दी सहायता राशि
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग की ओर से घायलों के त्वरित उपचार हेतु प्रत्येक पीड़ित को 1000-1000 रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। खेतों में जंगली जानवरों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here