Home छत्तीसगढ़ भीषण सडक़ हादसा : छुरिया में स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में...

भीषण सडक़ हादसा : छुरिया में स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में 4 की मौत, दो सगी बहनें, भाई व एक बुजुर्ग की गई जान…

52
0

भोलापुर-शिकारीमहका मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा, बाइक सवार दो की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम

छुरिया (दावा)। छुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शिकारीमहका और भोलापुर के बीच एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटर साइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में बाइक सवार दो सगी बहनें और उनका भाई शामिल हैं, जबकि चौथा मृतक स्कॉर्पियो में सवार एक बुजुर्ग है। एक ही परिवार के तीन युवाओं की असमय मौत से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गहिराभेड़ी निवासी साहू परिवार के तीन सदस्य—संदीप साहू तथा उसकी दो बहनें डिकेश्वरी साहू और भूपेश्वरी साहू—मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान भोलापुर और शिकारीमहका के बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दो की मौके पर मौत, दो ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में बाइक चला रहे संदीप और उसकी एक बहन की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी बहन तथा स्कॉर्पियो में सवार एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नाजुक हालत में तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही छुरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने सभी चारों शवों का पोस्टमार्टम कराने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। गहिराभेड़ी गांव में एक ही घर से भाई और दो बहनों की अर्थी उठने से पूरा गांव स्तब्ध है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here