एक ही परिवार के तीन बच्चों सहित 4 की मौत से क्षेत्र में मातम
आरबीसी 6/4 के तहत परिजनों को 25-25 हजार रुपये की दी गई तत्कालिक सहायता राशि
छुरिया (दावा)। शिकारी माहका-भोलापुर मार्ग पर 1 सितंबर की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने समूचे छुरिया क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में एक ही परिवार के तीन मासूम भाई-बहनों और स्कॉर्पियो सवार एक बुजुर्ग की असमय मौत से ग्राम गहिराभेड़ी सहित आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही राजनांदगांव के पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव गुरुवार को प्रभावित क्षेत्र पहुंचे।
श्री यादव ने सबसे पहले घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटना की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इसके पश्चात वे सीधे ग्राम गहिराभेड़ी पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
असमय काल कवलित होना हृदयविदारक: मधुसूदन यादव
पीड़ित परिवार से चर्चा के दौरान पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक ही परिवार के तीन संतानों का असमय चले जाना बेहद पीड़ादायक है। किसी भी माता-पिता के लिए यह सबसे बड़ा आघात है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज और शासन-प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। साथ ही उन्होंने आमजन से सड़कों पर वाहन चलाते समय गति नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन की अपील की।
तत्काल सहायता राशि के चेक सौंपे
श्री यादव ने पीड़ित परिवारों को शासन के आरबीसी 6/4 मद के अंतर्गत तत्काल सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इसमें मृतक तीनों भाई-बहनों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और हादसे में जान गंवाने वाले बुजुर्ग कमल दास बंजारे के परिवार को भी 25 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन के नियमानुसार मिलने वाली शेष सभी सहायता राशि भी परिजनों को शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं शोकाकुल परिजन उपस्थित रहे।



