0 शिक्षक दिवस पर लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मिलेगा सम्मान
छुईखदान। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट, नवाचारी एवं समर्पित सेवाओं के लिए शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बाईकटोरी (संकुल झूरानदी, विकासखंड छुईखदान) में पदस्थ शिक्षक मोहन जंघेल को प्रतिष्ठित ‘राज्यपाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। आगामी 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं स्कूल शिक्षा मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। उनके चयन की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार, पालकों और पूरे छुईखदान क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
नवाचार और सर्वांगीण विकास पर जोर
शिक्षक मोहन जंघेल ने अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक उल्लेखनीय पहल की हैं। उन्होंने शाला में आधुनिक स्मार्ट कक्षा, नवाचारी शिक्षण गतिविधियां, संस्कारयुक्त शिक्षा, खेलकूद, योगासन, राष्ट्रीय कार्यक्रमों के सफल आयोजन तथा शाला परिसर की सुरक्षा व स्वच्छता के क्षेत्र में मिसाल कायम की है। सामुदायिक सहभागिता को जोड़ते हुए उन्होंने विद्यालय के वातावरण को सुरुचिपूर्ण और परिणामोन्मुखी बनाया है।
नि:शुल्क नवोदय व प्रयास कोचिंग से तराश रहे प्रतिभाएं
शिक्षा के साथ-साथ शिक्षक मोहन जंघेल सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी रहते हैं। वे ब्लॉक मुख्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं-जैसे नवोदय एवं प्रयास आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा-के लिए ग्रामीण व जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग देकर उनका भविष्य संवार रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में कई बच्चों का चयन प्रतिष्ठित संस्थानों में हो चुका है। इसके अतिरिक्त वे ब्लॉक मुख्यालय में नियमित रूप से नि:शुल्क योग कक्षाएं संचालित कर आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
विद्यार्थियों के बीच ‘‘प्रिय गुरुदेव’’ की पहचान
कठिन से कठिन विषयों को सरल, रोचक एवं गतिविधियों के माध्यम से समझाने की कला के कारण वे बच्चों के बीच ‘प्रिय गुरुदेव’ के रूप में लोकप्रिय हैं। प्रत्येक बच्चे की रुचि और प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना उनकी प्रमुख कार्यशैली रही है। उनका आत्मीय व प्रेरणादायी व्यवहार विद्यार्थियों के साथ-साथ पालकों के बीच भी गहरा विश्वास पैदा करता है।
क्षेत्रवासियों व जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
मोहन जंघेल के राज्यपाल पुरस्कार हेतु चयनित होने पर संकुल झूरानदी, बाईकटोरी विद्यालय परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों और पालकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह उपलब्धि न केवल शिक्षक जंघेल के कड़े परिश्रम और समर्पण का सम्मान है, बल्कि पूरे छुईखदान क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण है।



