Home छत्तीसगढ़ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आज पूरे प्रदेश में शुष्क दिवस : शराब, मांस...

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आज पूरे प्रदेश में शुष्क दिवस : शराब, मांस और मदिरा दुकानें रहेंगी पूरी तरह बंद…

13
0

महापौर मधुसूदन यादव व सर्व यादव समाज के पत्र पर साय सरकार का बड़ा फैसला, पशुवध गृह भी रहेंगे बंद, जनभावना के अनुरूप त्वरित आदेश जारी करने पर महापौर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

राजनांदगांव (दावा)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर आज शुक्रवार 4 सितंबर को छत्तीसगढ़ शासन ने पूरे प्रदेश में शुष्क दिवस (ड्राई डे) घोषित किया है। राज्य सरकार के इस निर्णय के तहत आज प्रदेशभर में संचालित सभी देशी-विदेशी शराब दुकानें, प्रीमियम आउटलेट, बार, होटल-बार, क्लब और भांग व भांगघोटा की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके साथ ही पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों में संशोधन करते हुए जन्माष्टमी पर पशुवध गृह एवं मांस बिक्री की दुकानों को भी बंद रखने का सख्त आदेश जारी किया गया है।

उल्लेखनीय है कि इस विषय पर सर्वप्रथम पूर्व सांसद एवं राजनांदगांव नगर पालिक निगम के महापौर मधुसूदन यादव ने जनभावनाओं और धार्मिक मान्यताओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र प्रेषित किया था। अपने पत्र में महापौर ने अवगत कराया था कि राजनांदगांव सहित पूरे प्रदेश में जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम से मनाने की दीर्घ परंपरा है। इस दिन यादव समाज और श्रद्धालुओं द्वारा भव्य शोभायात्राएं निकाली जाती हैं। शराब दुकानों के खुले रहने से न केवल श्रद्धालुओं की आस्था आहत होती है, बल्कि शोभायात्रा के दौरान शांति व कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए पूरे राज्य में शराब दुकानें बंद रखने का आग्रह किया था। महापौर के इस संवेदनशील प्रस्ताव का सामाजिक स्तर पर व्यापक समर्थन हुआ। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यादव एवं अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर 4 सितंबर को प्रदेशभर में मांस और मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की थी।

मंत्रालय से जारी हुआ विधिवत आदेश
जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों के पत्रों पर राज्य सरकार ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाई। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा आबकारी विभाग मंत्रालय रायपुर द्वारा 2 सितंबर को विधिवत आदेश जारी कर जन्माष्टमी को विशिष्ट अवसरों की सूची में शामिल किया गया और प्रदेशभर में शुष्क दिवस घोषित कर मांस-मदिरा विक्रय पर रोक लगा दी गई। जनभावनाओं के अनुरूप त्वरित और ऐतिहासिक निर्णय लेने पर महापौर मधुसूदन यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राज्य शासन के प्रति संस्कारधानी की जनता और समाज की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here