Home छत्तीसगढ़ ‘कृष्णं वंदे जगद्गुरुम’ के जयघोष से गूंजी संस्कारधानी : सर्व यादव समाज...

‘कृष्णं वंदे जगद्गुरुम’ के जयघोष से गूंजी संस्कारधानी : सर्व यादव समाज ने निकाली विशाल बाइक रैली…

12
0

महापौर मधुसूदन यादव ने पीली ध्वजा लहराकर किया रवाना, पारंपरिक परिधानों में उमड़ी मातृशक्ति और युवा वर्ग

राजनांदगांव (दावा)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की पूर्व संध्या पर सर्व यादव समाज राजनांदगांव द्वारा शहर में एक भव्य एवं विशाल बाइक रैली निकाली गई। इस आयोजन के साथ ही समाज द्वारा अपने आराध्य भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का श्रीगणेश एक दिन पूर्व ही अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ कर दिया गया। बाइक रैली का शुभारंभ स्थानीय स्टेट हाईस्कूल मैदान से हुआ। जहां मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र व ‘कृष्णं वंदे जगद्गुरुम’ अंकित पीले रंग की पावन ध्वज-पताका लहराकर रैली को नगर भ्रमण हेतु रवाना किया। इस वैदिक श्लोक—‘मैं ब्रह्मांड के गुरु और सार्वभौमिक शिक्षक भगवान श्रीकृष्ण को प्रणाम करता हूं’—को 4 सितंबर की श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और 5 सितंबर के शिक्षक दिवस के सुंदर संगम के रूप में भी रेखांकित किया गया।

सामाजिक समरसता और एकजुटता का दिखा संगम
विशाल रैली में राजनांदगांव जिले के झेरिया, कोसरिया एवं ठेठवार यादव समाज के सदस्यों ने एक मंच पर आकर व्यापक सामाजिक समरसता, भ्रातृत्व और एकजुटता का प्रभावशाली परिचय दिया। रैली में विशेष अनुशासन देखने को मिला। जहां युवा व पुरुष वर्ग श्वेत परिधानों में तथा मातृशक्ति लाल रंग के पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर शामिल हुई। हाथों में सामाजिक व धार्मिक ध्वज लिए समाजजनों के उत्साह ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली, हुआ आत्मीय स्वागत
शाम 4 बजे स्टेट स्कूल मैदान से निकली यह रैली लगभग दो घंटे तक नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करती रही। रैली महावीर चौक, गुरुद्वारा चौक, मानव मंदिर चौक, बसंतपुर थाना चौक, भारत माता चौक, दिल्ली दरवाजा चौक, सुरजन वकील गली, अग्रसेन (काली माता मंदिर) चौक, गंज चौक, नंदई चौक, क्लब चौक बसंतपुर, स्टेडियम चौक, मोतीपुर, रामनगर, मुदलियार कॉलोनी, शंकरपुर, शिवनगर और प्रेस क्लब चिखली से ओवरब्रिज होते हुए शाम करीब 6 बजे पुन: स्टेट स्कूल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों व व्यापारियों ने रैली का स्वागत किया। बाइक रैली में उमड़े जनसैलाब और युवाओं के जोश से यह स्पष्ट दिखा कि इस वर्ष सर्व यादव समाज द्वारा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व विगत वर्षों की तुलना में और अधिक गरिमामय तथा वृहद स्तर पर धूमधाम से मनाने का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम के समापन पर समाज प्रमुखों ने रैली को ऐतिहासिक व अनुशासित बनाने के लिए सभी स्वजातीय बंधुओं, वरिष्ठजनों और युवाओं का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here