0 रानीसागर में स्थापित होगी रानी सूर्यमुखी देवी की आदमकद प्रतिमा; मंदिरों के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव तैयार
0 बकायेदारों से होगी किराया वसूली, अवैध कब्जे वाली दुकानें होंगी सील; वाइडनर स्कूल मामले में कलेक्टर से जांच समिति की मांग
राजनांदगांव (दावा)। राजगामी संपदा न्यास की महत्वपूर्ण बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू एवं उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने की।
बैठक का शुभारंभ विधिवत रानी सूर्यमुखी देवी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान न्यास के नवआगंतुक प्रभारी अधिकारी (सीईओ) श्री मारकंडे का प्रथम आगमन पर स्वागत किया गया। बैठक में न्यास की संपत्तियों के संरक्षण, विकास और पुजारियों के हित को लेकर कई दूरगामी निर्णय पारित किए गए।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
नया व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स – कमला कॉलेज परिसर के सामने राजगामी संपदा न्यास द्वारा एक भव्य व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें 40 से अधिक दुकानें बनाई जाएंगी। इससे न्यास की आय में वृद्धि होगी।
पुजारियों का मानदेय दोगुना- न्यास के अधीन आने वाले मंदिरों के पुजारियों के मानदेय में बढ़ोतरी करते हुए इसे 2,500 रुपये से बढ़ाकर सीधे 5,000 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया।
प्रतिमा स्थापना व मंदिर जीर्णोद्धार – ऐतिहासिक रानी सागर में रानी सूर्यमुखी देवी की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही विभिन्न प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार हेतु स्थल निरीक्षण कर प्राक्कलन तैयार करने और राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव पारित हुआ।
सख्त किराया वसूली व सीलिंग – न्यास की दुकानों के बकायेदारों से शत-प्रतिशत किराया वसूली की जाएगी। अवैध रूप से काबिज किराएदारों की दुकानों को सील करने की सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राजगामी भूमि का चिन्हांकन – संपत्तियों को अवैध कब्जों से सुरक्षित रखने के लिए सभी चिन्हित भूमियों पर बोर्ड, साइन बोर्ड और वॉल राइटिंग कराई जाएगी, जिससे राजगामी संपदा की पहचान स्पष्ट रहे।
वाइडनर स्कूल की जांच- वाइडनर स्कूल में सामने आई गड़बड़ी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रबंध कार्यकारिणी द्वारा कलेक्टर को पत्र लिखकर एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कराने का निर्णय लिया गया। न्यास में वर्ष 2023 से लंबित पड़े वित्तीय ऑडिट को कराने के लिए शासन को विधिवत प्रस्ताव प्रेषित किया जाएगा।
बैठक में प्रभारी अधिकारी सीएल मारकंडे, शैलेंद्र अग्रहरि, आबिद बेग, अशोक चतुर्वेदी, गणेशराम साहू, देवकुमार बंजारे, राजेन्द्र कुमार पटेल, चंदनराम यादव, राजकुमार यदु, जितेन कुमार यादव, नीलमणि यादव, विमला यादव, अश्विनी यादव, ओमप्रकाश साहू सहित अन्य ट्रस्टीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



