हजारों खर्च कर कराई गई थी मरम्मत, दो दिन चलकर फिर हो गया ठप
0 पालिका अध्यक्ष के गृह वार्ड की अनदेखी पर फूटा आक्रोश; विधायक ने दिया नए वाटर कूलर का आश्वासन
0 प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बंद पड़े वाटर कूलर के सामने मोमबत्ती जलाकर विरोध जताएंगे पार्षद
पूर्व पार्षद ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
समस्या को देखते हुए पूर्व पार्षद श्रीमती अनिता लोकेश इंदुरकर ने बंद पड़े वाटर कूलर को पुन: चालू कराने का संकल्प लिया है। उन्होंने वार्डवासियों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन पालिका सीएमओ को सौंपते हुए मांग की है कि जर्जर हो चुके इस सिस्टम को हटाकर नया वाटर कूलर स्थापित किया जाए, ताकि यात्रियों व स्थानीय नागरिकों को शुद्ध शीतल पेयजल मिल सके।

डोंगरगढ़ (दावा)। नगर पालिका प्रशासन की अनदेखी और उदासीनता के चलते वार्ड नंबर 10 कालका पारा स्थित सार्वजनिक वाटर कूलर विगत तीन वर्षों से बंद पड़ा है। स्टेशन के पीछे व बौद्ध विहार के सामने मुख्य चौक पर स्थित होने के कारण यहां दिनभर सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। साथ ही राजनांदगांव जाने वाली बसों का स्टॉपेज भी यहीं है। विडंबना यह है कि वर्तमान पार्षद मुकेश सहारे और नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे का यह गृह वार्ड होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी आमजन की इस बुनियादी समस्या पर आंखें मूंदे बैठे हैं।
मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति, दो दिन में ही सिस्टम फेल
वार्ड पार्षद मुकेश सहारे ने बताया कि लगातार मांग के बाद पालिका प्रशासन ने एक वर्ष पूर्व पालिका मद से हजारों रुपये खर्च कर इसकी मरम्मत कराई थी। उन्होंने अपनी पार्षद निधि से मजबूत कार्य कराने का प्रस्ताव भी दिया था, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया। नतीजा यह रहा कि मरम्मत के महज दो दिन बाद ही वाटर कूलर दोबारा बंद हो गया। इसके बाद दर्जनों बार शिकायत के बावजूद पालिका प्रशासन ने सुध नहीं ली।
वार्डवासी आशीष इंदुरकर ने बताया कि पूर्व में पार्षद रहे लोकेश इंदुरकर व अनिता इंदुरकर द्वारा जनहित में इसकी स्थापना कराई गई थी। लेकिन पिछले तीन वर्षों से जनप्रतिनिधियों व पालिका सीएमओ के चक्कर काटने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं हुई।
विधायक से मिला आश्वासन, विरोध में जलेंगी मोमबत्तियां
पार्षद मुकेश सहारे ने बताया कि पालिका की निष्क्रियता को देखते हुए उन्होंने क्षेत्रीय विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल से नए वाटर कूलर की मांग की थी, जिस पर उन्होंने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इधर, समस्या का समाधान न होने पर रोष जताते हुए पार्षद सहारे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जहां सत्तापक्ष के नेता दीप प्रज्वलित कर रहे हैं, वहीं वार्डवासी नेताओं व पालिका प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए बंद पड़े वाटर कूलर के समक्ष मोमबत्तियां जलाकर अपना अनोखा विरोध दर्ज कराएंगे।


