आयुक्त मरकाम बोले- तकनीकी अधिकारी उनके आदर्शों व कार्यों का अनुसरण करें
राजनांदगांव (दावा)। अभियंता दिवस (इंजीनियर्स डे) के अवसर पर नगर पालिक निगम के कार्यपालन अभियंता कक्ष में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। समारोह में आयुक्त सहित कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके, प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम एवं उपस्थित इंजीनियरों ने भारतरत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के तैलचित्र पर माल्यार्पण व पूजा-अर्चना कर उन्हें नमन किया तथा एक-दूसरे को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिविल इंजीनियर एम. विश्वेश्वरैया ने आधुनिक भारत में बांध, जलाशय और जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण में महती भूमिका निभाई। इसके साथ ही उन्होंने मैसूर सरकार के साथ मिलकर अनेक शैक्षणिक संस्थानों व कारखानों की स्थापना करवाई। उनके अभूतपूर्व योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने 1955 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा था। आयुक्त ने कहा कि सभी तकनीकी अधिकारियों को उनके सेवा भाव और समर्पण का अनुसरण करते हुए कार्य करना चाहिए, तभी इस दिवस को मनाने की सार्थकता सिद्ध होगी। कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे एवं यू.के. रामटेके ने भी अभियंताओं को बधाई देते हुए निष्ठा और गुणवत्ता के साथ शहर विकास में जुटने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक अभियंता सुषमा साहू, उपअभियंता पिंकी खाती, अनूप पांडे, तिलकराज ध्रुव सहित निगम की तकनीकी शाखा के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


