सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश, अश्लील
व विवादित गानों पर पूर्ण प्रतिबंध
कलेक्ट्रेट में 33 झांकी समितियों व डीजे संचालकों के साथ
हुई समीक्षा; शांति, अनुशासन
और सुरक्षा पर जोर
राजनांदगांव (दावा)। संस्कारधानी में प्रतिवर्ष की भांति निकलने वाली ऐतिहासिक गणेश विसर्जन झांकी को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस महकमे ने कमर कस ली है। कलेक्टर जीतेंद्र यादव एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 33 गणेश विसर्जन झांकी समितियों के पदाधिकारियों तथा डीजे/धुमाल संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सी.एल. मारकण्डे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विसर्जन पर्व के दौरान सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्देशों का अक्षरश: पालन कराया जाएगा।
डीजे एवं ध्वनि सीमा पर सख्त हिदायत
बैठक में डीजे संचालकों और समितियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी झांकी में 04 बेस एवं 04 टॉप (कुल 08 साउंड सिस्टम) से अधिक की अनुमति नहीं होगी। ध्वनि की तीव्रता तय मानकों के भीतर ही रखनी होगी। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के अश्लील, भडक़ाऊ या विवादित गाने बजाने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। उल्लंघन पाए जाने पर साउंड सिस्टम जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तय रूट का पालन और
आपसी तालमेल जरूरी
अधिकारियों ने कहा कि सभी झांकियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट से ही निकाला जाएगा। विभिन्न मार्गों से आने वाली झांकियों के बीच बेहतर समन्वय और समय-सारणी का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे कहीं भी अनावश्यक ठहराव या जाम की स्थिति न बने।
वाहन और ईंधन व्यवस्था
पर विशेष सतर्कता
झांकी के दौरान वाहनों की खराबी या ईंधन खत्म होने से मार्ग अवरुद्ध न हो, इसके लिए समितियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं.झांकी वाहनों और जनरेटरों में ईंधन की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। वाहन चालक झांकी के दौरान गाड़ी छोडक़र कहीं न जाएं और चाबी अपने पास ही रखें, ताकि आवश्यकता पडऩे पर वाहन को तुरंत आगे बढ़ाया जा सके। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, क्राइम डीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, डीएसपी के.पी. मरकाम, डीएसपी (यातायात) के.के. बाजपेई, कोतवाली टीआई उपेंद्र शाह, बसंतपुर टीआई कौशलेश देवांगन, लालबाग टीआई रमेश पटेल, सोमनी टीआई एमन साहू, यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप, चिखली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश मरई, निरीक्षक रामेश्वर देशमुख, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, जिला विशेष शाखा प्रभारी विजय नेताम सहित जिले की झांकी समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



