राजनांदगांव: शहर में गणेश विसर्जन झांकी और मोहारा कुंड में प्रतिमाओं के विसर्जन को ध्यान में रखते हुए जिला यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है। नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए 25 सितंबर की दोपहर 2:00 बजे से 26 सितंबर की सुबह 10:00 बजे तक डायवर्सन व पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।
शहर प्रवेश मार्गों पर प्रतिबंध व डायवर्सन
चारपहिया एवं भारी वाहन: फरहद चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, मोहारा बायपास, गठुला एवं सीआईटी बायपास से शहर के भीतर चारपहिया (हल्के व भारी) वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
खैरागढ़ मार्ग: बीजेपी कार्यालय एवं 18 एकड़ कट से वाहनों का डायवर्सन किया जाएगा।
बालोद मार्ग: बालोद की ओर से आने वाले वाहनों को हल्दी मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा। 25 व 26 सितंबर को बालोद से आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश शहर में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
झांकी का निर्धारित मार्ग विसर्जन झांकियां महावीर चौक, गुरुद्वारा चौक और दुर्गा चौक से होते हुए मानव मंदिर चौक में प्रवेश करेंगी। इसके बाद आजाद चौक, भारत माता चौक, कामठी लाइन, सुरजन गली, रामाधीन मार्ग और तिरंगा चौक से होकर गंज चौक की ओर शहर से बाहर निकलेंगी। झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
डोंगरगांव व बालोद की ओर से: साइंस कॉलेज, गुजराती स्कूल और बख्शी स्कूल परिसर।
तुमड़ीबोड़ व सुकुलदैहान की ओर से: प्यारेलाल स्कूल परिसर।
खैरागढ़ व दुर्ग की ओर से: स्टेट स्कूल और फ्लाईओवर के नीचे।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



