Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल: अजय जामवाल और पवन साय हटाए...

छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल: अजय जामवाल और पवन साय हटाए गए, कर्मवीर बने नए प्रदेश संगठन महामंत्री…

15
0

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और लंबे समय से जिम्मेदारी संभाल रहे प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को हटा दिया है। संगठन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व प्रचारक रहे कर्मवीर को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री के रूप में शिवप्रकाश को छत्तीसगढ़ का प्रभार सौंपा गया है।

गौरतलब है कि अजय जामवाल प्रदेश में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री का दायित्व संभाल रहे थे। वहीं पवन साय लंबे समय से प्रदेश संगठन महामंत्री की भूमिका में थे। संगठन, सत्ता और संघ के भीतर पवन साय के कामकाज को लेकर आंतरिक रूप से नाराजगी और शिकायतें सामने आ रही थीं। पार्टी के कई कार्यकर्ता सोशल मीडिया के माध्यम से भी खुलकर अपनी असंतुष्टि जाहिर कर चुके थे।

जानिए नए संगठन महामंत्री कर्मवीर का सफर छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश संगठन महामंत्री बनाए गए कर्मवीर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 1993 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली से संघ के प्रचारक जीवन की शुरुआत की थी।

प्रचारक के रूप में कार्य: वे तहसील, नगर, मथुरा जिला प्रचारक के साथ-साथ फतेहपुर सीकरी (आगरा) और अलीगढ़ महानगर में प्रचारक रहे।

विभागीय व प्रांतीय दायित्व: कर्मवीर ने यूपी के एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग के प्रचारक के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद 2015 में मेरठ प्रांत (पश्चिम उत्तर प्रदेश) और 2019 में ब्रज प्रांत के सह-प्रांत प्रचारक की जिम्मेदारी संभाली।

भाजपा संगठन में अनुभव: वर्ष 2020 में उन्हें उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश सह-महामंत्री (संगठन) बनाया गया। इसके बाद अगस्त 2022 से वे झारखंड भाजपा में प्रदेश संगठन महामंत्री के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे, जहां से अब उन्हें छत्तीसगढ़ संगठन की कमान सौंपी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here