Home छत्तीसगढ़ जन्मदिन पर अनोखी पहल: नवाचारी शिक्षक ने बांटी गुल्लक और राष्ट्रीय पहाड़ा,...

जन्मदिन पर अनोखी पहल: नवाचारी शिक्षक ने बांटी गुल्लक और राष्ट्रीय पहाड़ा, रोपे नारियल के पौधे…

14
0

कल्लूबंजारी (छुरिया): विकासखंड छुरिया के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कल्लूबंजारी में पदस्थ नवाचारी शिक्षक दिनेश कुमार कुरेटी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा का उत्कृष्ट संदेश दिया है।

अपने जन्मदिन से एक दिन पूर्व श्री कुरेटी ने जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत नारियल के पौधों का रोपण किया। वहीं जन्मदिन के दिन उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला कल्लूबंजारी के सभी 85 बच्चों को गुल्लक तथा पूर्व माध्यमिक शाला कल्लूबंजारी के सभी 124 बच्चों को राष्ट्रीय पहाड़ा का वितरण किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में छोटी-छोटी बचत करने की आदत डालना और उनमें राष्ट्रीय भावना जागृत करने के साथ सामान्य ज्ञान का विकास करना है।

नवोदय विद्यालय में किया गया सम्मान वृक्षारोपण के दौरान नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ के उपप्राचार्य संजय कुमार मंडल ने कहा कि शिक्षा, कला, साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक दिनेश कुमार कुरेटी का हमारे प्रांगण में आकर पौधारोपण करना सौभाग्य की बात है। विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया।

बच्चों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सरोकार के लिए तत्पर संस्था के प्रधानपाठक यु. एस. मंडावी ने शिक्षक कुरेटी के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि वे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार नवाचार करते रहते हैं। वे शाला के प्रत्येक बच्चे के जन्मदिन पर उन्हें पेन उपहार स्वरूप प्रदान करते हैं और अपने जन्मदिन पर निर्धन बच्चों को निःशुल्क कॉपी व लेखन सामग्री बांटते हैं।

इसके अतिरिक्त, वे गंभीर रूप से बीमार छात्रों व शिक्षकों के इलाज हेतु आर्थिक सहयोग जुटाने, आकस्मिक निधन होने पर परिजनों को सांत्वना राशि प्रदान करने तथा विकासखंड के शासकीय स्कूलों को ‘स्मार्ट शाला’ बनाने की दिशा में क्रांतिकारी पहल कर चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय के बच्चों का चयन ‘प्रयास’ जैसे उत्कृष्ट विद्यालयों में होता रहा है। शिक्षक, कवि, उद्घोषक और प्रखर वक्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके श्री कुरेटी का यह कार्य सभी शिक्षकों के लिए अनुकरणीय है।

कार्यक्रम में रही गरिमामयी उपस्थिति इस अवसर पर अनिल कुमार पाल, उमादेवी ध्रुर्वे, शोभराय कार्ते, तिलक राम बढ़ई, अखिलेश्वर सिंह ठाकुर, सुषमा नेताम, गीता कन्नौजे, चुम्मन लाल भुआर्य, जगन्नाथ नेताम, चन्द्रकुमार उइके, रोमन कुमार साहू, जितेन्द्र कुमार पटेल, गजेन्द्र कुमार ठाकुर, चांदनी कंवर, डेमेन्द्र कुमार सिन्हा, ट्विंकल ध्रुर्वे, लिलेन्द्र भारद्वाज, गिरिश कुमार साहू, नम्रता मंडावी, रूपाली साहू, डिम्पल पटेल, लिलेश्वर पटेल, गितेश साहू, पूजा ध्रुर्वे, रूपाली सिन्हा सहित शाला के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here