Home छत्तीसगढ़ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शिवनाथ नदी तट पर बने कुंड में ही...

गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शिवनाथ नदी तट पर बने कुंड में ही करें : मधुसूदन यादव…

20
0

राजनांदगांव (दावा)। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर प्रतिमाओं के सुगम एवं सुरक्षित विसर्जन के लिए नगर पालिक निगम द्वारा मोहारा स्थित शिवनाथ नदी तट पर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। महापौर मधुसूदन यादव ने समस्त गणेशोत्सव समितियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण और नियमों का सम्मान करते हुए प्रतिमाओं का विसर्जन नगर निगम द्वारा निर्मित विशाल विसर्जन कुंड में ही करें। महापौर मधुसूदन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा प्राकृतिक जलस्रोतों—नदियों और तालाबों में मूर्तियां विसर्जित करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसी निर्देश के परिपालन में नगर निगम द्वारा मोहारा में पक्के विसर्जन कुंड का निर्माण कराया गया है। जहां प्रतिवर्ष गणेश एवं दुर्गा प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि विसर्जन स्थल पर व्यवस्थित पूजा-अर्चना के लिए टेबल लगाए जाएंगे। जहां श्रद्धालु अंतिम आरती व पूजन संपन्न कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, पूजन सामग्री (फूल, माला, पत्ते आदि) के निपटान के लिए अलग से स्थान निर्धारित किया गया है, ताकि कुंड का जल और आसपास का परिसर स्वच्छ बना रहे। महापौर ने बताया कि विसर्जन व झांकी के मद्देनजर नगर सहित मोहारा तट पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। शहरभर में वॉच टॉवर निर्माण, प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सडक़ों का पैचवर्क, निरंतर साफ-सफाई और पेयजल हेतु पानी के टैंकरों की तैनाती की गई है। शिवनाथ नदी तट के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

संस्कारधानी की गरिमा बनाए रखने की अपील
महापौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के तहत शहर के भीतरी मार्गों व डिवाइडरों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया है। विसर्जन झांकियों के दौरान शहर और ग्रामीण अंचलों से भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सभी नागरिक सजग रहें ताकि नवरोपित पौधों को कोई नुकसान न पहुंचे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here