27 सितंबर को पुष्पांजलि पैलेस में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह
राजनांदगांव: स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने वाली प्रतिष्ठित संस्था ‘भारत विकास परिषद’ की राजनांदगांव जिला इकाई का गठन प्रांतीय संगठन मंत्री किशोरी लाल लाठ के सानिध्य में संपन्न हुआ। बैठक में सर्वसम्मति से अंब्रिक मोटलानी को अध्यक्ष, डॉ. राधेश्याम मौर्य को सचिव तथा परमानंद गोयल को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं अमर लालवानी को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संस्था के मीडिया प्रभारी विवेक सिंह ठाकुर ने बताया कि भारत विकास परिषद का मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। इस संस्था की स्थापना 10 जुलाई 1963 को स्वामी विवेकानंद के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर की गई थी। यह संस्था समाज के प्रबुद्ध और कर्मठ बुद्धिजीवियों का एक समूह है, जो वंचित वर्ग की सेवा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था मुख्य रूप से पांच सिद्धांतों—सेवा, संपर्क, संस्कार, सहयोग और समर्पण पर कार्य करती है। राष्ट्रभक्ति को सर्वोपरि मानते हुए यह संस्था स्कूलों में ‘भारत को जानो’ और ‘राष्ट्रभक्ति गीत’ प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करती है।
27 सितंबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह 27 सितंबर (रविवार) को शाम 7:00 बजे लालबाग स्थित पुष्पांजलि पैलेस में आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रमुख राजयोगिनी पुष्पा दीदी, वरिष्ठ उद्योगपति व समाजसेवी मंशाराम मोटलानी एवं नीरज पब्लिक स्कूल की प्राचार्या भारती गोटे उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रांत अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, शपथ विधि अधिकारी मुरारी काबरा, अनिल डागा, विभाग प्रचारक जितेंद्र शर्मा एवं जिला प्रचारक सनत पटेल विशेष रूप से शामिल होंगे। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी के बच्चों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी जाएगी।



