Home छत्तीसगढ़ मुड़ीपार-घुमका-कलडबरी-पटेवा मार्ग भूमि की खरीद-बिक्री, बटांकन और व्यपवर्तन पर लगा प्रतिबंध हटाने...

मुड़ीपार-घुमका-कलडबरी-पटेवा मार्ग भूमि की खरीद-बिक्री, बटांकन और व्यपवर्तन पर लगा प्रतिबंध हटाने की मांग…

59
0

0 नगर पंचायत अध्यक्ष फूलमती वर्मा ने कलेक्टर को सौंपा पत्र, कहा- सडक़ चौड़ीकरण में निजी जमीन अधिग्रहित नहीं, फिर भी प्रतिबंध से आम जनता परेशान
घुमका (दावा)। राजनांदगांव विकासखंड के अंतर्गत मुड़ीपार-घुमका-कलडबरी-पटेवा मार्ग में आने वाली जमीनों के क्रय-विक्रय, बटांकन, व्यपवर्तन और अंतरण पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में नगर पंचायत घुमका की अध्यक्ष श्रीमती फूलमती जयकुमार वर्मा ने जिला कलेक्टर राजनांदगांव को पत्र सौंपकर जनहित में लगी रोक को तत्काल शिथिल करने का आग्रह किया है।

निजी भूमि का नहीं हुआ अधिग्रहण, फिर भी लगी है रोक
कलेक्टर को प्रेषित पत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष फूलमती वर्मा ने लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग राजनांदगांव के पूर्व पत्र का संदर्भ देते हुए बताया कि उक्त मार्ग के निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य के दौरान संभावित अवैध खरीद-बिक्री व शासन को होने वाली आर्थिक क्षति को रोकने के उद्देश्य से जमीनों की रजिस्ट्री पर रोक लगाने की बात कही गई थी। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि सडक़ निर्माण और चौड़ीकरण के कार्य में किसी भी ग्राम की निजी भूमि का अधिग्रहण नहीं किया गया है।

भू-स्वामियों और खरीदारों की बढ़ी मुश्किलें
अध्यक्ष श्रीमति वर्मा ने बताया कि बिना निजी भूमि अधिग्रहण के ही इस पूरे मार्ग पर जमीन के अंतरण, नामांतरण, बटांकन, व्यपवर्तन (डायवर्सन) और क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इससे क्षेत्र के वास्तविक भू-स्वामियों और खरीदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पारिवारिक बंटवारे, बच्चों की पढ़ाई, शादी-ब्याह अथवा आपातकालीन आर्थिक जरूरतों के लिए भी किसान अपनी भूमि का उपयोग या विक्रय नहीं कर पा रहे हैं। श्रीमती वर्मा ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि वास्तविक स्थिति को देखते हुए मुड़ीपार-घुमका-पटेवा मार्ग क्षेत्र की भूमियों पर लगे सभी प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से हटाए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here