2 बजे तक बारिश नहीं थमी तो कल निकलेगी विसर्जन झांकी, शीतला मंदिर में 1 बजे समितियों की बैठक
राजनांदगांव । अनंत चतुर्दशी के अवसर पर प्रस्तावित गणेश विसर्जन झांकी पर बारिश ने संकट खड़ा कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के चलते झांकी आयोजन को लेकर समितियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। झांकी निकाली जाए या कार्यक्रम को एक दिन आगे बढ़ाया जाए, इसे लेकर आज महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार दोपहर 1 बजे शीतला मंदिर प्रांगण में सभी झांकी समितियों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में बारिश की स्थिति, झांकी के मार्ग और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि यदि दोपहर 2 बजे तक बारिश नहीं रुकती है, तो आज प्रस्तावित विसर्जन झांकी को स्थगित कर कल निकालने का निर्णय लिया जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला समितियों की बैठक और मौके की परिस्थितियों को देखते हुए लिया जाएगा।
बारिश के कारण सड़क और झांकी मार्ग की स्थिति भी आयोजन के लिए चुनौती बनी हुई है। ऐसे में समितियां सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से झांकी निकालने को लेकर विचार-विमर्श करेंगी।
आज की बैठक पर टिकी निगाहें
दोपहर 1 बजे होने वाली बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा कि विसर्जन झांकी आज निकलेगी या कल। समितियों के निर्णय के साथ प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जाने की संभावना है।



