Home छत्तीसगढ़ फरहद चौक में नाले में गिरने से बुजुर्ग की मौत पर फूटा...

फरहद चौक में नाले में गिरने से बुजुर्ग की मौत पर फूटा गुस्सा : शव रखकर किया चक्काजाम, देर तक थमा रहा पहिया…

16
0

० बुधवार रात नाले में गिरे थे 52 वर्षीय माखन हिरवानी, गुरुवार सुबह बरामद हुआ शव
० सडक़ के जानलेवा गड्ढों और अंधेरे को जिम्मेदार ठहराकर परिजनों व ग्रामीणों ने रोका रास्ता, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

राजनांदगांव (दावा)। डोंगरगांव मार्ग स्थित फरहद चौक के समीप नाले में गिरने से एक 52 वर्षीय ग्रामीण की मौत के बाद गुरुवार को जमकर बवाल हुआ। घटना से आक्रोशित परिजनों, ग्रामीणों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने सडक़ पर उभरे गहरे गड्ढों, निर्माणाधीन नाली की लापरवाही और बदहाल व्यवस्था को हादसे की मुख्य वजह बताते हुए शव को सडक़ पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण काफी देर तक इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

रात में तलाश के बाद सुबह नाले में मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम फरहद निवासी माखन हिरवानी (52 वर्ष) बुधवार रात फरहद चौक के पास खुले नाले में गिर गए थे। सूचना मिलने पर उनके परिजनों ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की, लेकिन रात के घुप अंधेरे के कारण उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिजनों ने लालबाग थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी और गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए लालबाग थाना प्रभारी रमेश पटेल ने तत्काल पुलिस स्टाफ को खोजबीन के लिए रवाना किया और सोशल मीडिया ग्रुप्स में भी जानकारी साझा की। गुरुवार 24 सितंबर की सुबह जब नाले में दोबारा सघन तलाशी ली गई, तो माखन हिरवानी का शव पानी में डूबा हुआ बरामद हुआ।

एंबुलेंस रोककर सडक़ पर धरने पर बैठे लोग
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद जब शव को एंबुलेंस से उनके गृह ग्राम फरहद ले जाया जा रहा था, तभी आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने वाहन को चौक पर ही रोक लिया और सडक़ पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नाली निर्माण के लिए खोदे गए असुरक्षित गड्ढों और प्रकाश व्यवस्था के अभाव के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ है। ग्रामीण ठाकुरराम साहू ने कहा कि सडक़ किनारे पसरे अंधेरे और खुले गड्ढों को लेकर लंबे समय से सुरक्षा प्रबंधों की मांग की जा रही थी, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। उसी अनदेखी का नतीजा है कि आज एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी।

मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
लालबाग थाना प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि कांग्रेसी नेता निखिल द्विवेदी, डॉ. मल्होत्रा सहित अन्य लोगों ने परिजनों के साथ मिलकर चौक पर प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर बुजुर्ग की मौत नाले में गिरने और डूबने से हुई प्रतीत होती है, जबकि ग्रामीण इसे सडक़ के गड्ढों से जोड़ रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

जब तक जान न जाए, तब तक नहीं जागती व्यवस्था : निखिल द्विवेदी
घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष व स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह के क्षेत्र में सडक़ें बदहाल हैं और निर्माण स्थल जानलेवा साबित हो रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर प्रशासन तब तक क्यों नहीं जागता जब तक किसी की जान न चली जाए? उन्होंने सांसद संतोष पांडे और स्थानीय प्रशासन से जवाब मांगते हुए कहा कि लापरवाह निर्माण एजेंसी पर कब कार्रवाई होगी, मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा कब मिलेगा और चौक पर हाई-मास्ट लाइट कब लगेगी? उन्होंने कहा कि अब कोरे आश्वासनों के बजाय धरातल पर ठोस सुरक्षा इंतजाम करने होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here