
0 रायपुर और भिलाई के थे, युवक और युवतियां कान्हा किसली जा रहे थे घुमने,
0 दनिया पुल पर रात 2:30 बजे हादसा, गंडई पुलिस ने अंधेरे और तेज बहाव के बीच किया रेस्क्यू,
0 गंडई टी आई शिवशंकर गेंदले सहित पुलिस जवान ने जान हथेली पर रख कर बचाई जान,
(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़। लगातार मूसलाधार बारिश के चलते खैरागढ़ – छुईखदान – गंडई जिले के नदी नाले उफान पर थे। इसी बिच जिले के दनिया पुल पर शनिवार रात बड़ा हादसा टल गया। रायपुर और भिलाई के पांच दोस्त कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे। इसी बीच रात करीब 2:30 बजे उनकी कार पुल पर लगे पुलिस स्टॉपर को तोड़ते हुए बाढ़ के पानी में घुस गई। तेज बहाव के कारण कार सडक़ से बहकर नदी के बीच मझधार में फंस गई। कार में सवार पांचों लोग किसी तरह पेड़ के सहारे अपनी जान बचाते रहे। इसके बाद उन्होंने 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस के अनुसार, बाढ़ की आशंका को देखते हुए एसपी के निर्देश पर दनिया पुल पर पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी बीच रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 को पुल के दूसरे छोर पर तैनात जवानों ने रोकने और आगे नहीं बढऩे के लिए आवाज लगाई, लेकिन चालक ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया।
कार पुल पर लगे स्टॉपर से टकराकर उफनते पानी में चली गई
अंधेरे और तेज बहाव के बीच शुरू किया रेस्क्यू कार पानी के तेज बहाव में बहकर नदी के बीच पहुंच गई। हादसे के बाद उसमें सवार पांचों लोग मदद के लिए चीख-पुकार करने लगे। ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भारी बारिश, अंधेरे और तेज बहाव के बीच पुलिस ने सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस टीम ने एक-एक कर कार में फंसे सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार सभी सुरक्षित हैं।
कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे आधी रात हुआ हादसा, पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान
पूछताछ में पता चला कि कार सवार सभी लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं और कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे। कार कुबेर साहू चला रहा था। रेस्क्यू किए गए लोगों में कमलेश साहू (25), गुढय़िारी रायपुर; कुबेर साहू (25), कृष्णा नगर गुढ़ीयारी रायपुर; निहाल सक्सेना (21), कृष्णा नगर गुढ़ीयारी रायपुर; महक कौर (21), कैंप-02 पावर हाउस भिलाई और प्रीति रात्रे (20), कैंप-01 रामनगर भिलाई शामिल हैं।


