डोंगरगढ़ (दावा)। फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक महिला के साथ लगातार दुष्कर्म करने वाले आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पीडिता के दिवंगत पति का परिचित था और लोक-लज्जा का भय दिखाकर उस पर दबाव बना रहा था।
पति की मृत्यु के बाद करने लगा ब्लैकमेल
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडि़ता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसके पति के देहांत से पहले उनके परिचित लोकेश साहू (निवासी फरदफोड़, थाना देवरी) का उनके घर आना-जाना था। संपर्क नंबर होने के कारण दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी। इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता को निजी फोटो-वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
धमकी देकर कई बार किया अनाचार
लोक-लज्जा और सामाजिक भय के कारण विवश होकर पीडि़ता उसकी धमकियों के आगे झुक गई। आरोपी ने अगस्त 2025 में महिला को जबरन डोंगरगढ़ स्थित इंडियन लॉज-1 में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी वह लगातार धमकी देता रहा और पीडि़ता के संतोषी नगर (राजनांदगांव) स्थित निवास पर आकर भी जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 4179/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। विवेचक उपनिरीक्षक गीतांजलि सिन्हा ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी लोकेश साहू (26 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 11, फरदफोड़, जिला बालोद) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


