Home News देशभर में 176 साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड...

देशभर में 176 साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड सहित 3 आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार…

39
0

0 वर्चुअल बैंक खाते के जरिए चल रहा था नेटवर्क, 14 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में दर्ज हैं एफआईआर
0 मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जिले के थानों में भी दर्ज हैं 31 शिकायतें
अंबागढ़ चौकी। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए देशभर में ठगी का जाल फैलाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल में दबिश देकर मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा उपयोग किए जा रहे एक वर्चुअल बैंक खाते के विश्लेषण से देश के 14 राज्यों में साइबर ठगी के 176 प्रकरणों का खुलासा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन एवं एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई थाना खडग़ांव पुलिस व साइबर सेल द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
ऐसे खुला ठगी का नेटवर्क
थाना खडग़ांव में दर्ज अपराध क्रमांक 06/26 (धारा 318(4) बीएनएस) की विवेचना के दौरान सामने आया कि प्रार्थी से ठगी गई 3 लाख 12 हजार 348 रुपये की रकम अलग-अलग 9 बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। तकनीकी जांच के दौरान एक संदेहास्पद वर्चुअल बैंक खाता (क्रमांक 211071614) चिन्हित हुआ, जिसमें 60 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया था। इस खाते की सघन जांच करने पर पता चला कि इसी खाते से देशभर के 14 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में साइबर ठगी की 176 एफआईआर दर्ज हैं।
14 राज्यों में फैला था जाल
जांच में इस खाते से जुड़े मामलों का राज्यवार विवरण सामने आया:
कर्नाटक: 54 प्रकरण
बिहार: 46 प्रकरण
तेलंगाना: 28 प्रकरण
उत्तर प्रदेश: 10 प्रकरण
केरल: 08 प्रकरण
महाराष्ट्र: 07 प्रकरण
हरियाणा व तमिलनाडु: 06-06 प्रकरण
दिल्ली: 04 प्रकरण
पश्चिम बंगाल: 03 प्रकरण
अंडमान-निकोबार, अरुणाचल, मिजोरम व राजस्थान: 01-01 प्रकरण
इसके अतिरिक्त, स्थानीय स्तर पर जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के विभिन्न थानों में भी इस गिरोह के खिलाफ कुल 31 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें अंबागढ़ चौकी में 15, खडग़ांव में 9, मोहला में 3, मानपुर में 2 तथा गोटाटोला और मदनवाड़ा थाना में 1-1 शिकायत शामिल है।
पश्चिम बंगाल में दबिश देकर दबोचा
तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में-
1. आदित्य रजक (मुख्य सरगना) – निवासी कोननगर नवोग्राम, थाना उत्तरपारा, जिला हुगली (पश्चिम बंगाल)
2. कृष्णा चौधरी -निवासी टीटागढ़, नॉर्थ 24 परगना (पश्चिम बंगाल)
3. सुमन वर्मा – निवासी टीटागढ़, नॉर्थ 24 परगना (पश्चिम बंगाल)
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में खडग़ांव थाने के प्रशिक्षु उप निरीक्षक अब्दुल रियाज, सउनि धन सिंह महिलांगे, आरक्षक आशीष जोगी, आरक्षक नर्मदा प्रसाद पैकरा, महिला सहायक आरक्षक सरिता जाड़े तथा जिला साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here