शादी का भरोसा देकर नाबालिग से संबंध (AI Generated Image)
भिलाई (छत्तीसगढ़): जिले के धमधा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी द्वारा नवजात शिशु को जन्म देने के बाद सनसनीखेज मामला सामने आया है। किशोरी का आरोप है कि एक नाबालिग युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे, लेकिन अब बच्चे के जन्म के बाद उसने नवजात को अपना मानने से साफ इनकार कर दिया है। पीड़ित किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया से हुई थी पहचान शिकायत के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले इंटरनेट के माध्यम से किशोरी की पहचान आरोपी नाबालिग युवक से हुई थी। युवक का किशोरी के गांव में रहने वाले एक पड़ोसी के घर आना-जाना था, जिसके चलते दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं और दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भवती होने पर किशोरी ने जब इसकी जानकारी युवक को दी, तो उसने शुरुआत में शादी की सहमति जताई थी।
परिजनों के दबाव का बहाना बना मुकरा प्रेमी किशोरी के माता-पिता अलग-अलग रहते हैं, जिसके कारण वह अपनी नानी के पास रहकर पली-बढ़ी। कुछ समय बाद जब किशोरी ने युवक पर शादी का दबाव बनाया, तो उसने अपने परिजनों के विरोध और दबाव का हवाला देकर शादी करने से मना कर दिया।
हाल ही में किशोरी ने एक स्वस्थ नवजात बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म की खबर मिलने के बाद कथित प्रेमी ने नवजात को अपना बच्चा मानने से पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, DNA जांच से होगी पितृत्व की पुष्टि प्रेमी और उसके परिवार के रवैये से तंग आकर पीड़िता धमधा थाने पहुंची और आपबीती बताई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
मामले की निष्पक्ष जांच और बच्चे के जैविक पिता की सही पहचान स्थापित करने के लिए पुलिस अब नवजात शिशु और आरोपी युवक का DNA परीक्षण (DNA Test) कराने जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि DNA रिपोर्ट आने के बाद ही पितृत्व से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



