बिलासपुर (छत्तीसगढ़): जिले के कोटा ब्लॉक अंतर्गत बहेरामुड़ा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल परिसर में शराब के नशे में धुत एक शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा शख्स न केवल नशे में धुत है, बल्कि पिछले 10 महीनों से वेतन न मिलने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध रहा है और कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करता नजर आ रहा है।
पहचान और विभागीय स्थिति पर संशय इस पूरे घटनाक्रम में शिक्षक की पहचान को लेकर भी बड़ा पेच फंस गया है।
वायरल वीडियो में शराब के नशे में मौजूद व्यक्ति खुद को स्कूल का प्रधान पाठक (Headmaster) बता रहा है।
वहीं, मौके पर ही मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने कैमरे के सामने अपना परिचय बहेरामुड़ा स्कूल के आधिकारिक प्रधान पाठक प्रदीप कुमार पेंद्रो के रूप में दिया है।
इसके अलावा, दावों के मुताबिक बहेरामुड़ा का यह पूर्व माध्यमिक स्कूल महज दो शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहा है। ऐसे में स्कूल अवधि के दौरान शराब पीकर हंगामा करने और दोहरी पहचान के इस मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विभागीय जांच से खुलेगी सच्चाई वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हालांकि, शराब के नशे में दिख रहा शख्स वास्तव में कौन है, क्या वह इसी स्कूल में पदस्थ शिक्षक है और वेतन न मिलने के उसके दावों में कितनी सच्चाई है—इन सभी पहलुओं का खुलासा विभागीय जांच के बाद ही हो पाएगा।



