डोंगरगढ़ (दावा)। डोंगरगढ़ पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले मुख्य आरोपी सहित चोरी के दोपहिया वाहन खरीदने वाले तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। शातिर चोर ट्रेनों व सार्वजनिक स्थलों से लगातार गाडय़िां पार कर उन्हें औने-पौने दामों में बेच देता था।
सस्ती कीमत पर बेचता था चोरी की गाडिय़ां
डोंगरगढ़ थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) सुमन जायसवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी गिरवर यादव लगातार मोटरसाइकिल व स्कूटी चोरी कर उन्हें महज 1,500, 1,800 और 5,000 रुपये में राहगीरों व परिचितों को बेच रहा था। पुलिस ने मुख्य चोर के साथ-साथ बिना दस्तावेज और रसीद के चोरी की गाडय़िां खरीदने वाले तीन खरीददारों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत कानूनी शिकंजा कसा है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरवर यादव उर्फ गोलू (उम्र 26 वर्ष, पिता राजाराम यादव, निवासी बजरंगपुर नवागांव, ओपी चिखली, राजनांदगांव), अजय यादव (उम्र 38 वर्ष, पिता संतोष यादव, निवासी एक बत्ती पांच रास्ता, गौरा चौक, डोंगरगढ़), वासु मंडावी (उम्र 20 वर्ष, पिता बहुर सिंह मंडावी, निवासी एक बत्ती पांच रास्ता, गौरा चौक, डोंगरगढ़) एवं आकाश यादव (उम्र 25 वर्ष, पिता शंकर यादव, निवासी बुधवारापारा, वार्ड नं. 14, डोंगरगढ़) दोनों खरीददार है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी हरीहर महतो (निवासी आर.ई. 3 रेलवे कॉलोनी) ने 29 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 सितंबर की सुबह उन्होंने अपनी एक्टिवा (क्रमांक एमएच 49 एएक्स 2090) रेलवे स्टेशन स्टाफ पार्किंग में खड़ी की थी, जो रात को गायब मिली। रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त एक्टिवा एक बत्ती पांच रास्ता निवासी अजय यादव के पास है। पुलिस ने दबिश देकर अजय यादव को पकड़ा, जिसने पूछताछ में बताया कि उसने यह स्कूटी गिरवर उर्फ गोलू यादव से महज 1,500 रुपये में खरीदी थी।
कड़ाई से पूछताछ में खुलती गई कडिय़ां
अजय के मेमोरेंडम बयान पर पुलिस ने छिरपानी के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी गिरवर यादव को दबोचा। पूछताछ में उसने रेलवे स्टेशन पर छिपाकर रखी गई एक स्प्लेंडर बाइक (सीजी 08 एफ 0378) बरामद कराई। गिरवर ने कबूला कि उसने 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार कई गाडय़िां चुराईं। उसकी निशानदेही पर आरोपी वासु मंडावी से 5 हजार में खरीदी गई एचएफ डीलक्स (कीमत 30 हजार) तथा आकाश यादव से 1,800 रुपये में खरीदी गई पैशन प्रो (कीमत 20 हजार) बरामद की गई। इसके अतिरिक्त पुलिस रिमांड के दौरान गिरवर से अन्य अपराधों से संबंधित दो और मोटरसाइकिलें (कीमत 65 हजार रुपये) जब्त की गईं।



