Home छत्तीसगढ़ अंबागढ़ चौकी परिषद की विशेष बैठक : 18 माह में 16वीं बैठक...

अंबागढ़ चौकी परिषद की विशेष बैठक : 18 माह में 16वीं बैठक कर बनाया रिकॉर्ड, विकास कार्यों के लिए शासन को भेजा जाएगा करोड़ों का प्रस्ताव…

24
0

० नया बस स्टैंड, आईटीआई-अस्पताल मार्ग, नाली व मटन मार्केट निर्माण पर सर्वसम्मति से लगी मुहर
० स्वच्छता में लापरवाही पर लगेगा जुर्माना, आवारा मवेशियों की समस्या पर भी कड़े फैसले
अंबागढ़ चौकी (दावा)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी परिषद की विशेष बैठक सभागृह में संपन्न हुई। अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की अध्यक्षता में करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में नगर के 15 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों के लिए राज्य शासन को विभिन्न मदों में करोड़ों रुपये का प्रस्ताव भेजने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने जानकारी देते हुए बताया कि नई परिषद के डेढ़ वर्ष (18 माह) के कार्यकाल में यह 16वीं बैठक है। नगरपालिका अधिनियम के तहत दो माह में एक बार सामान्य सभा की बैठक अनिवार्य होती है, लेकिन नगर के त्वरित विकास और पार्षदों के आपसी समन्वय के उद्देश्य से लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए परिषद दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ कार्य कर रही है।
डेढ़ साल में मात्र एक करोड़ के काम, डामरीकरण के लिए रिटेंडर
बैठक में अध्यक्ष ने बताया कि बीते डेढ़ वर्ष में नगर में लगभग एक करोड़ रुपये के ही विकास कार्य हो पाए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम व बिटुमिन के दाम बढऩे से ठेकेदार द्वारा कार्य छोड़ दिए जाने के कारण डामरीकरण के काम अटके हैं, जिसके लिए अब रिटेंडर की प्रक्रिया की जा रही है। बैठक में नया बस स्टैंड सडक़, अस्पताल व आईटीआई जाने वाले मुख्य मार्ग में सडक़ व नाली निर्माण, मटन मार्केट तथा व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण सहित वार्डों की अधोसंरचना के लिए शासन से अतिरिक्त फंड की मांग करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
स्वच्छता में बाधक बनने वालों पर होगी सख्ती, कटेगी सुविधाएं
स्वच्छ भारत मिशन और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की समीक्षा करते हुए पार्षदों ने सुझाव दिया कि जो व्यापारी या नागरिक बार-बार समझाइश के बाद भी कचरा प्रबंधन में सहयोग नहीं कर रहे हैं, उन पर नगर पंचायत प्रशासन कड़ा रुख अपनाए। ऐसे लोगों से भारी जुर्माना वसूला जाए और आवश्यकता पडऩे पर मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित किया जाए। वहीं, नगर में आवारा मवेशियों की रोकथाम के लिए गोधाम संचालन समिति को शासन से अनुदान दिलाने और ग्रामीण पशुपालकों व किसानों के साथ बैठकर समन्वय बनाने का फैसला लिया गया।
पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा का विधायक प्रतिनिधि के रूप में अभिनंदन
खुज्जी विधायक भोलाराम साहू द्वारा पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक वर्मा को नगर पंचायत में अपना विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किए जाने पर परिषद में उनका आत्मीय स्वागत किया गया। श्री वर्मा 10 वर्ष तक अध्यक्ष और 5 वर्ष तक पार्षद रह चुके हैं। अध्यक्ष मानिकपुरी ने कहा कि श्री वर्मा के दीर्घ प्रशासनिक व राजनीतिक अनुभव का लाभ नगर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में पूरी तरह लिया जाएगा। विशेष बैठक में पार्षद खेदीबाई अमिला, सुरेश नेताम, रितेश मेश्राम, दिलीप कुंभकार, ईश्वरी ध्रुवे, विनोद डेहरिया, उषा यादव, मुकेश सिन्हा, झरना कुंभकार, कविता यादव, किशुन पटेल, उमाशंकर निषाद, काशीराम निषाद, एल्डरमैन सैयद अजहरूद्दीन, कुंजलता हरमुख, देवनारायण कुंभकार, उपयंत्री योगेश्वर सिंह ठाकुर, तिलक यादव सहित विभिन्न विभागों के शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here