सम्मान निधि और न्याय योजना की राशि निकालने किसानों का उमड़ रहा हुजूम
राजनांदगांव (दावा)। 14 मई को केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा किसान सम्मान योजना के तहत किसानों के खाते में 2 हजार रुपए की आठवी किश्त जारी किया गया। इसके बाद राज्य की भूपेश सरकार द्वारा 21 मई को न्याय योजना के तहत बोनस की राशि का पहला किश्त जारी किया गया है।
सम्मान निधि व न्याय योजना की राशि निकालने किसानों का हुजूम सहकारी बैंक में उमड़ रही है। किसान राशि निकालने अपनी जिदंगी दांव पर लगा कर बैंक में भारी भीड़ में कतार में लगे हुए है। कई किसानों द्वारा मास्क भी नहीं लगाया जा रहा है। वहीं सोशल डिस्टेसिंग नियमों का पालन भी नही हो रहा है। ऐसे में कोरोना संक्रमण फैलने की संभावना बनी हुई है। सम्मान निधि और न्याय योजना की राशि निकालने के लिए सोमवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में किसानों की लंबी कतारें दिखाई दी। यहां अव्यवस्था का आलम भी दिखा। कोरोना संक्रमण प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ते भी दिखी।
बैंक पसिर के बाहर किसानों की उमड़ी रही भीड़
राशि आहरण करने पहुंचे किसानों ने सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाते दिखे। कतार में खड़े होकर धक्का-मुक्की करते बैंक में प्रवेश किया। हालांकि बैंक के गेट से प्रवेश के दौरान थोड़ी सावधानी बरतते हुए दिखाई दिए, लेकिन बैंक परिसर के बाहर कतार में खड़े किसानों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नहीं दिखाई दिए। ज्ञात हो कि किसानों के खातों में सम्मान निधि और न्याय योजना की राशि मिलने से जहां किसानों में उत्साह है। राशि खातों में पहुंचने के बाद किसान बैंकों से राशि आहरण करने पहुंच रहे हैं।



