राजनांदगांव (दावा)। सेवा संकल्प पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी जिला राजनांदगांव द्वारा 7 अक्टूबर को शहर में भव्य सेवा ज्योति संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में जिलेभर से हजारों भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेंगे। सेवा संकल्प पखवाड़ा के संयोजक व महापौर मधुसूदन यादव तथा जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने बताया कि सेवा ज्योति यात्रा मशाल के साथ निकाली जाएगी।
पीएम मोदी दिलाएंगे विकसित भारत का संकल्प
सेवा ज्योति यात्रा के प्रभारी दिनेश गांधी ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि बुधवार सुबह 10 बजे कृषि उपज मंडी (बसंतपुर) में विशाल संकल्प सभा का आयोजन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से होगी। इसके बाद सुबह 10:10 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। तत्पश्चात देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के कार्यकर्ताओं को विकसित भारत का संकल्प दिलाएंगे। संकल्प सभा में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय का भी प्रेरक उद्बोधन होगा।
मंडी से निकलेगी मशाल यात्रा, उदयाचल में समापन
सभा के उपरांत सेवा ज्योति रथ की मुख्य मशाल प्रज्वलित की जाएगी। कार्यकर्ता हाथों में मशाल लिए गंज मंडी से प्रस्थान करेंगे। यह यात्रा इंदिरा नगर, दुर्गा चौक, बसंतपुर थाना, भारत माता चौक होते हुए उदयाचल पहुंचेगी। जहां यात्रा का विधिवत समापन होगा। महापौर मधुसूदन यादव व जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, मंडल व बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और शासन की योजनाओं के लाभार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।




