Home samachar मोहारा बायपास के पास दर्दनाक हादसा : ट्रैक्टर के टायर में हवा...

मोहारा बायपास के पास दर्दनाक हादसा : ट्रैक्टर के टायर में हवा भरते समय ब्लास्ट, पेड़ से टकराने के बाद चक्के तले दबकर चालक की मौत…

8

22 वर्षीय आशीष साहू की मौके पर गई जान, बसंतपुर थाना पुलिस ने शुरू की जांच

राजनांदगांव (दावा)। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहारा बायपास के समीप ट्रैक्टर के पहिये में हवा भराने के दौरान टायर फटने से एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। टायर ब्लास्ट होने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराया। जिसकी चपेट में आकर 22 वर्षीय चालक की चक्के के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आशीष साहू (22 वर्ष) के रूप में हुई है। आशीष मोहारा बायपास स्थित एक पंक्चर दुकान में ट्रैक्टर के टायर में हवा भरवा रहा था। इसी दौरान अत्यधिक दबाव या खराबी के चलते टायर अचानक भीषण धमाके के साथ फट गया। टायर ब्लास्ट होते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तेजी से सडक़ से नीचे उतर गया और सामने स्थित पेड़ से सीधे टकरा गया।

चक्के के नीचे आने से हुई मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक आशीष का संतुलन बिगडऩे से नीचे गिर पड़ा और ट्रैक्टर के भारी पहिये के नीचे आ गया। गंभीर चोटें आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के राहगीर व स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। बसंतपुर थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here