Home samachar सामान्य सभा : सभी आठ प्रमुख प्रस्तावों पर लगी सर्वसम्मति की मुहर…

सामान्य सभा : सभी आठ प्रमुख प्रस्तावों पर लगी सर्वसम्मति की मुहर…

8

० नया बस स्टैंड अब ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड’, हाउसिंग बोर्ड का गार्डन ‘स्व. राजेंद्र व्यास पार्क’ के नाम से जाना जाएगा
० टाउनहॉल परिसर की पुरानी दुकानों को तोडक़र बनेंगी 55 नई दुकानें, विज्ञापन के लिए लगेंगे यूनिपोल

राजनांदगांव (दावा)। नगर पालिक निगम की सामान्य सभा की बैठक निगम सभागार में अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। राष्ट्रगीत व राज्यगीत के साथ शुरू हुई बैठक के पहले घंटे में प्रश्नकाल चला, जिसमें पार्षदों के सवालों का महापौर मधुसूदन यादव व एमआईसी के प्रभारी सदस्यों ने विभागवार उत्तर दिया। इसके बाद सदन में रखे गए सभी 8 प्रमुख विषयों पर गहन विचार-विमर्श उपरांत सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

प्रमुख मार्गों व चौकों का हुआ नया नामकरण
सामान्य सभा में चौक-चौराहों और पार्कों के नामकरण प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसका नामकरण ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड’ करते हुए वहां उनकी प्रतिमा स्थापना व सौंदर्यीकरण को स्वीकृति दी गई। अमृत मिशन योजनांतर्गत वार्ड क्रमांक 23 (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) में निर्मित गार्डन का नामकरण पूर्व नामांकित पार्षद एवं वरिष्ठ पत्रकार स्व. राजेंद्र व्यास के नाम पर किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सीआईटी कॉलेज से कन्हारपुरी बाईपास रोड का नाम ‘दाऊ मंदराजी मार्ग’ रखा गया। कंचनबाग सनसिटी पहुंच मार्ग के पहले चौक का नामकरण ‘नवकार चौक’ किया गया। सदन की सहमति से जैन मंदिर सदर बाजार चौक से जैन बगीचा मार्ग का नामकरण ‘भगवान पार्श्वनाथ मार्ग’ करने का प्रस्ताव भी शामिल किया गया। इसके अलावा आचार्य इंद्रभूषण ठाकुर के नाम से भी स्थल चयन कर नामकरण करने पर सहमति बनी।

बैठक में निगम की आय बढ़ाने और अधोसंरचना विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। निगम स्वामित्व के टाउनहॉल परिसर जी.ई. रोड किनारे की 38 दुकानों एवं कस्तूरबा महिला मंडल रोड से लगी 18 पुरानी दुकानों को तोडक़र आधुनिक 55 दुकानों के पुनर्निर्माण प्रस्ताव को पारित किया गया। निगम सीमा क्षेत्र में उपयुक्त निजी, शासकीय व निगम आधिपत्य वाले स्थलों पर यूनिपोल (विज्ञापन बोर्ड) लगाने हेतु निविदा आमंत्रण की मंजूरी दी गई। लखोली-कन्हारपुरी से मोहारा बाईपास नाला निर्माण (राशि 208.32 लाख रुपये) और रेवाडीह चौक से गोकुल नगर तक नाला निर्माण (राशि 250 लाख रुपये) हेतु महापौर द्वारा पूर्व में जारी निविदाओं का अनुमोदन किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत विभिन्न चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण हेतु 253.32 लाख रुपये की निविदा आमंत्रित करने का प्रस्ताव पास हुआ। इसमें त्याग मूर्ति ठाकुर प्यारेलाल सिंह एवं शहीद विनोद चौबे की प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण भी शामिल किया गया। ट्रांसपोर्ट नगर में नाली, सडक़, पेयजल व सीसी एप्रोच रोड के लिए संशोधित प्राक्कलन 490 लाख रुपये की स्वीकृति को भी मंजूरी दी गई।

दिवंगतों को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक के अंत में राष्ट्रगान के पश्चात पूर्व पार्षद स्व. भोलाराम मिश्रेकर, पूर्व नामांकित पार्षद स्व. राजेंद्र व्यास, पूर्व प्राचार्य स्व. यू.एस. पालीवाल, निगम कर्मी स्व. शिवशंकर कश्यप, स्व. प्रताप चंद बोरकर, स्व. राजेश यादव तथा एमआईसी सदस्य राजा माखीजा के भाई स्व. मोहन लाल माखीजा और पार्षद रवि सिन्हा के पिता स्व. रामरतन सिन्हा को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में सांसद प्रतिनिधि देवशरण सेन, आयुक्त जी.आर. मरकाम, एमआईसी सदस्य, पार्षद, नामांकित पार्षद एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here