Home Uncategorized दीपावली पर 100 स्वच्छता दीदियों और महिला सुरक्षा गार्डों को बांटी गईं...

दीपावली पर 100 स्वच्छता दीदियों और महिला सुरक्षा गार्डों को बांटी गईं साड़ियां…

8

राजेश मारू और पत्रकार कमलेश सिमनकर विगत 5 वर्षों से लगातार कर रहे हैं सम्मान

मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में सेवारत महिला कर्मियों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान

राजनांदगांव। शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल और जिला चिकित्सालय में दिन-रात निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा में जुटीं स्वच्छता दीदियों और महिला सुरक्षा कर्मियों के चेहरे पर दीपावली के पावन पर्व से पूर्व खुशियां छा गईं। विगत 5 वर्षों की अनवरत परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी निजी कंपनी (मेटास) के अंतर्गत कार्यरत लगभग 100 महिला कर्मचारियों को साड़ियों का वितरण कर सम्मानित किया गया। यह पुनीत पहल मां पाताल भैरवी मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश मारू और वरिष्ठ पत्रकार कमलेश सिमनकर (हाहाकारी) द्वारा लगातार की जा रही है।

सेवा भावना को मिली नई ऊर्जा

अस्पतालों में स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली ये महिला कर्मी मरीजों की देखभाल में परिजनों जैसी भूमिका निभाती हैं। अक्सर जब किसी मरीज के पास कोई परिजन मौजूद नहीं होता, तब ये दीदियां उन्हें अपनेपन का अहसास कराकर संबल देती हैं। उनके इसी समर्पण, निष्ठा और कठिन परिश्रम को नई ऊर्जा देने और दीपावली की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष यह सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

वरिष्ठ चिकित्सकों व स्टाफ के हाथों हुआ वितरण

शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. अतुल मनोहर राव देशकर एवं प्रोफेसर डॉ. प्रकाश खूंटे के हाथों महिला कर्मचारियों को साड़ियां भेंट की गईं।

वहीं, शासकीय जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र प्रसाद, आरएमओ डॉ. अभिनव पंसारी तथा नर्सिंग स्टाफ की हेमलता ध्रुव, रेखा देवांगन और अंजलि गाढिया की मौजूदगी में महिला कर्मियों को साड़ियों का वितरण किया गया।

उपस्थित चिकित्सकों व अतिथियों ने राजेश मारू और कमलेश सिमनकर के इस सामाजिक सरोकार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्राउंड लेवल पर सेवा दे रहीं महिला कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और वे भविष्य में और भी बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरित होती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here