Home samachar मुख्यमंत्री का पीए बताकर भर्रेगांव के ग्रामीण से 87 हजार रुपये की...

मुख्यमंत्री का पीए बताकर भर्रेगांव के ग्रामीण से 87 हजार रुपये की ठगी…

32

० तमिलनाडु सरकार की फर्जी योजना में 6 गुना मुनाफे का झांसा देकर खाते में डलवाई रकम
० व्हाट्सएप मैसेज डिलीट कर नंबर ब्लॉक करने पर हुआ ठगी का एहसास, बसंतपुर थाने में मामला दर्ज
राजनांदगांव (दावा)। शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम भर्रेगांव में एक ग्रामीण को 6 गुना पैसा मिलने का लालच भारी पड़ गया। अज्ञात साइबर ठग ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का निजी सहायक (पीए) बताकर ग्रामीण को अपने झांसे में लिया और उससे 87 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि भर्रेगांव निवासी पवन कुमार टंडन (लगभग 50 वर्ष) के मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय का पीए बताया। उसने पवन को झांसा दिया कि तमिलनाडु सरकार द्वारा एक विशेष योजना चलाई जा रही है। जिसमें निवेश करने पर राशि 6 गुना बढक़र वापस मिलती है।

रकम ट्रांसफर होते ही मैसेज डिलीट कर नंबर किया ब्लॉक
अधिक मुनाफे के प्रलोभन में आकर पवन कुमार ठग की बातों में आ गए। शुरुआत में आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए 70 हजार रुपये मांगे, लेकिन झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 87 हजार रुपये आरोपी द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम खाते में पहुंचते ही ठग ने व्हाट्सएप चैट से संदेश डिलीट कर दिए और पीड़ित का नंबर ब्लॉक (ब्लैकलिस्ट) कर दिया। जब संपर्क टूट गया और चैट से विवरण गायब हो गया। तब पवन को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने बसंतपुर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन को पूरे मामले की जानकारी दी और लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। सीएसपी श्री तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के बैंक खाते और मोबाइल नंबर के जरिए उसकी पतासाजी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here