बाल-बाल बची युवक की जानलगातार दर्द होने पर परिजनों ने कराया एक्स-रे, तब हुआ खुलासा; निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर निकाला गया टुकड़ा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल
डोंगरगढ़ (दावा)। स्थानीय शासकीय अस्पताल में उपचार के नाम पर गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों ने घाव की समुचित जांच किए बिना ही टांके लगा दिए। जिससे एक 22 वर्षीय युवक की कमर में करीब 2 से 3 इंच लंबा चाकू का टुकड़ा अंदर ही फंसा रह गया। गनीमत रही कि लगातार दर्द होने पर परिजनों ने एक्स-रे करा लिया। जिससे समय रहते इसका पता चल गया और युवक की जान बच गई। जानकारी के अनुसार ग्राम बधियाटोला निवासी विवेक साहू (22 वर्ष) पिता संजय साहू और टिल्लू मांडवी (24 वर्ष) पिता देवेंद्र मांडवी के बीच 11 नवंबर की सुबह करीब 3 बजे आपसी झड़प हो गई थी। जिसमें दोनों चाकू लगने से घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए डोंगरगढ़ के शासकीय अस्पताल लाया गया। आरोप है कि वहां मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने विवेक की कमर के घाव की गहराई जांचे बिना ही ऊपर से टांके लगाकर उसे घर भेज दिया।
एक्स-रे रिपोर्ट देख परिजनों के उड़े होश
टांके लगने के बावजूद विवेक को कमर में असहनीय दर्द बना रहा। जब कई दिनों तक राहत नहीं मिली, तो परेशान परिजनों ने बाहर जाकर घाव का एक्स-रे कराया। एक्स-रे रिपोर्ट में कमर के भीतर 2 से 3 इंच लंबा चाकू का टूटा हुआ टुकड़ा साफ नजर आया, जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद युवक को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने चाकू के टुकड़े को बाहर निकालकर घाव का पुन: उपचार शुरू किया। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि बिना एक्स-रे या प्राथमिक जांच के इतने गहरे घाव पर टांके कैसे लगा दिए गए और इस लापरवाही की जिम्मेदारी किस पर तय होगी।
11 नवंबर को दी गई थी सूचना, फिर भी पुलिस कार्रवाई शून्य
मामले में पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। बताया जा रहा है कि चाकूबाजी की इस घटना की सूचना (मेमो) स्वास्थ्य विभाग की ओर से 11 नवंबर को ही डोंगरगढ़ पुलिस को भेज दी गई थी, लेकिन घटना के 9 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई सार्वजनिक नहीं की गई है।




