Home samachar आईजी अजय यादव ने किया मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी का वार्षिक निरीक्षण…

आईजी अजय यादव ने किया मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी का वार्षिक निरीक्षण…

16

अंबागढ़ चौकी (दावा)। पुलिस महानिरीक्षक (राजनांदगांव रेंज) अजय यादव (भापुसे) द्वारा शुक्रवार 20 नवंबर को जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था, कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, कार्यालयीन अभिलेखों एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के प्रथम चरण में रक्षित केंद्र मोहला स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य वार्षिक निरीक्षण परेड का आयोजन किया गया। आईजी श्री यादव के आगमन पर पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज, एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती नेहा पवार एवं एसडीओपी अंबागढ़ चौकी नोहरलाल मंडावी द्वारा उनका स्वागत किया गया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने सलामी दी। परेड निरीक्षण व मार्चपास्ट के दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा एवं अनुशासित प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को आईजी द्वारा पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।निरीक्षण के दौरान रक्षित केंद्र मोहला में जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं, सुझावों एवं मांगों के निराकरण हेतु पुलिस दरबार का आयोजन किया गया। स्वागत उद्बोधन में एसपी वाय.पी. सिंह ने जिले की आधारभूत पुलिस अधोसंरचना और शासकीय आवासों की कमी के बावजूद पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों से अवगत कराया। आईजी श्री यादव ने नवगठित जिले में सीमित संसाधनों के बीच पुलिस की निष्ठा एवं समर्पण की सराहना की और कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता आज भी न्याय और सुरक्षा के लिए पुलिस पर सबसे अधिक विश्वास करती है। कोरोना काल में पुलिस के जनसेवा कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हुई थी। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। अंत में एएसपी श्रीमती मंजूलता बाज ने आभार व्यक्त किया।
पुलिस दरबार के पश्चात आईजी श्री यादव ने रक्षित केंद्र मोहला में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित पुलिस जिम्नेजियम का उद्घाटन किया, जिससे जवानों को शारीरिक रूप से फिट रहने में मदद मिलेगी। इसके पश्चात थाना मोहला परिसर में नवनिर्मित यातायात शाखा का भी उद्घाटन किया गया, जिससे जिले में यातायात संचालन और सडक़ सुरक्षा कार्यों को गति मिलेगी।
एसपी कार्यालय एवं थाना मोहला का निरीक्षण
अगले चरण में आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय मोहला की विभिन्न शाखाओं के कार्यों व रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की। व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को पुरस्कृत किया। इसके बाद थाना मोहला का निरीक्षण कर साफ-सफाई, शासकीय संपत्तियों के रखरखाव व अपराध विवेचना की स्थिति का जायजा लिया और दिए गए निर्देशों का समय-सीमा में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज, डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती नेहा पवार, एसडीओपी अंबागढ़ चौकी नोहरलाल मंडावी, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप, थाना प्रभारी मोहला निरीक्षक संदीप टोप्पो, थाना प्रभारी गोटाटोला निरीक्षक खोमन भंडारी, थाना प्रभारी खडग़ांव निरीक्षक सुशील त्रिपाठी, थाना प्रभारी सीतागांव निरीक्षक संजय यादव, थाना प्रभारी औंधी निरीक्षक ईश्वर धु्रव, थाना प्रभारी मानपुर उप निरीक्षक रविशंकर डहरिया, थाना प्रभारी चिल्हाटी उप निरीक्षक संजय मरावी, चौकी प्रभारी पाटनखास उप निरीक्षक सुरेंद्र नेताम सहित प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here