सरकारी अस्पताल में बिना चाकू का टुकड़ा निकाले लगा दिए थे टांके, 18 नवंबर को एक्स-रे में हुआ खुलासा
डोंगरगढ़ (दावा)। सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान घायल युवक की कमर में चाकू का टुकड़ा छोडक़र टांके लगाने की खबर प्रकाशित होने के बाद डोंगरगढ़ पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने चाकूबाजी के इस मामले में एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। हालांकि, इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा सवाल अब भी सरकारी अस्पताल की उपचार प्रणाली पर बना हुआ है कि आखिर घायल युवक की कमर में चाकू का टुकड़ा फंसा होने के बावजूद उसे निकाले बिना टांके कैसे लगा दिए गए?
क्या है पूरा मामला?
घटना 11 नवंबर की सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें चाकूबाजी की घटना में 22 वर्षीय विवेक साहू और 24 वर्षीय टिल्लू मांडवी घायल हो गए थे। अस्पताल रिकॉर्ड के मुताबिक, सुबह करीब 3 बजे दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डोंगरगढ़ लाया गया था। विवेक गंभीर रूप से घायल था, जिसे टांके लगाने के बाद मरीज के कहने पर तत्काल रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से उसी दिन पुलिस को सूचना भी दी गई थी, लेकिन इलाज के दौरान हुई कथित लापरवाही का खुलासा कई दिनों बाद हुआ।
कमर में फंसा रह गया था 2 से 3 इंच लंबा टुकड़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवेक की कमर में चाकू का करीब 2 से 3 इंच लंबा टुकड़ा अंदर ही फंसा रह गया था और वह इसी हालत में असहनीय दर्द से जूझता रहा। 18 नवंबर को जब उसने एक्स-रे कराया, तब शरीर के भीतर चाकू का टुकड़ा फंसे होने की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। इसके बाद आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर चाकू का टुकड़ा बाहर निकाला गया। 19 नवंबर को दोबारा ड्रेसिंग की गई और फिलहाल उसकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है।
परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस की कार्रवाई, डॉक्टरों की भूमिका की भी होगी जांच
एसडीओपी केसरी नंदन नायक के मुताबिक, घायल विवेक के पिता संजय साहू ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी विसर्जन कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों से बेटे का विवाद हुआ था और दो दिन पहले निजी अस्पताल में उपचार के दौरान शरीर में चाकू का टुकड़ा फंसे होने का पता चला। इसके बाद बेटे से पूछताछ कर उन्होंने थाने में अपराध दर्ज कराया। एसडीओपी ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ जारी है। स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है।
ड्यूटी डॉक्टर व ड्रेसर की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, घटना के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में ड्यूटी पर डॉ. योगेश कन्नौजे तैनात थे, जबकि ड्रेसिंग का कार्य आशीष बंजारे ने किया था। जो पीएचसी चारभाठा में ड्रेसर के पद पर पदस्थ बताए जा रहे हैं। ऐसे में यह गंभीर सवाल उठ रहा है कि घाव की जांच और ड्रेसिंग के दौरान अंदर धंसा चाकू का टुकड़ा क्यों नहीं देखा गया और उपचार से पहले एक्स-रे या अन्य आवश्यक जांच क्यों नहीं कराई गई? अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग ड्यूटी डॉक्टर व संबंधित स्टाफ की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या मामला महज विभागीय फाइलों में सिमटकर रह जाता है।




