द्वितीय वर्ष में भी श्री श्याम सेवा परिवार का भव्य आयोजन बना आकर्षण का केंद्र, गौ सेवा एवं सामाजिक संस्थाओं का हुआ सम्मान
छुईखदान(दावाा)। खाटू वाले श्री श्याम बाबा के पावन पाटोत्सव के अवसर पर 19 नवंबर को छुईखदान श्री श्याम सेवा परिवार द्वारा लक्ष्मीनारायण मंदिर (रानी मंदिर) प्रांगण में ‘एक शाम श्याम बाबा के नाम’ भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। द्वितीय वर्ष में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से पूरा मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिमय वातावरण में गुंजायमान रहा। आयोजन को लेकर लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी एवं सुंदर पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया था। वहीं श्री श्याम बाबा का अलौकिक एवं मनमोहक दरबार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दरबार की भव्य सजावट और बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायिका विद्या सिंह राठौड़ सहित ललित चोपड़ा, संभव लूनिया, रौनक शर्मा एवं विवेक जैन ने अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। एक से बढक़र एक श्याम भजनों की प्रस्तुति पर श्याम प्रेमी देर रात तक झूमते-नाचते रहे। पूरा मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु श्याम भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।
रात्रि 12 बजे केक काटकर मनाया गया बाबा का पाटोत्सव
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रात्रि 12 बजे रहा, जब श्री श्याम बाबा के पाटोत्सव के अवसर पर केक काटकर उत्सव मनाया गया। इसके पश्चात बाबा की भव्य आरती की गई। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण प्रकट किया। यह क्षण सभी श्याम प्रेमियों के लिए विशेष आनंद और भावनाओं से भरा रहा।
गौ सेवा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं का सम्मान धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकारों को भी विशेष महत्व देते हुए श्री श्याम सेवा परिवार द्वारा गौ सेवा एवं जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं एवं समाजसेवियों को प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्री राम गौ सेवा समिति छुईखदान, प्रेरणा क्लब, मधुबन महिला गौ सेवा समिति, पशु प्रेमी दिनेश महोबिया, वृक्ष मित्र समिति एवं जय जगन्नाथ सेवा समिति शामिल रहे। आयोजन समिति ने सभी संस्थाओं एवं समाजसेवियों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। नवीन चंद्राकर ने कहा कि श्री श्याम सेवा परिवार के लिए यह आयोजन अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का विषय है। इस वर्ष हमारा द्वितीय वर्ष है और लगातार दूसरे वर्ष बाबा श्याम का पाटोत्सव सभी श्याम प्रेमियों के सहयोग एवं श्रद्धा के साथ भव्य रूप से मनाया गया। हमारा उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि श्याम भक्ति के माध्यम से समाज को एकजुट करना और गौ सेवा एवं सामाजिक कार्यों में समर्पित संस्थाओं को सम्मानित कर उनके सेवा भाव को प्रोत्साहित करना भी है। सभी श्याम प्रेमियों, सहयोगियों एवं नगरवासियों के स्नेह और सहयोग से यह आयोजन सफल हो पाया है।
अंकित गुप्ता ने कहा कि श्री श्याम सेवा परिवार का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नगर में भक्ति, सामाजिक एकता और सेवा भावना को मजबूत करना है। द्वितीय वर्ष में भी श्याम प्रेमियों का जो अपार उत्साह और सहयोग मिला, वह हमारे लिए प्रेरणादायक है। आयोजन को सफल बनाने में भजन गायकों, सहयोगियों, सदस्यों एवं समस्त नगरवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भविष्य में भी इसी प्रकार धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। कार्यक्रम का समापन बाबा श्याम की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों एवं नगरवासियों की उपस्थिति रही। श्री श्याम सेवा परिवार का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का सुंदर उदाहरण बना।




