Home samachar महेंद्र नगर व प्रभात नगर में निर्मित आंगनबाड़ी भवनों का महापौर ने...

महेंद्र नगर व प्रभात नगर में निर्मित आंगनबाड़ी भवनों का महापौर ने किया लोकार्पण…

20

12-12 लाख रुपए की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त भवन, अब स्वयं के भवन में बच्चों को मिलेगी प्रारंभिक शिक्षा व पोषण आहार

राजनांदगांव (दावा)। नगर निगम द्वारा शहर विकास की कड़ी में गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक 23 के महेंद्र नगर एवं प्रभात नगर में महिला एवं बाल विकास परियोजना अंतर्गत 12-12 लाख रुपए की लागत से आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण किया गया है। शनिवार को महापौर मधुसूदन यादव ने दोनों स्थानों पर आयोजित गरिमामय समारोह में फीता काटकर एवं पट्टिका का अनावरण कर नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राजस्व विभाग के प्रभारी सदस्य एवं वार्ड पार्षद राजा माखीजा तथा पूर्व पार्षद गुरुमुखदास वाधवा सहित अन्य गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महापौर श्री यादव ने वार्डवासियों को बधाई दी और कहा कि स्थानीय नागरिकों की मांग पर बच्चों के लिए सर्वसुविधायुक्त दो आंगनबाड़ी भवन तैयार किए गए हैं। अब क्षेत्र के नौनिहाल स्वयं के भवन में प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे तथा बच्चों और गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्यवर्धक पोषण आहार का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. रमन सिंह तथा सांसद संतोष पांडे की अनुशंसा पर शासन से प्राप्त राशि से शहर में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। महापौर ने बताया कि वार्ड में हाउसिंग बोर्ड उद्यान के जीर्णोद्धार तथा विभिन्न हिस्सों में नाली निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे, जिनका औपचारिक भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन की मंशानुरूप सभी वार्डों में इसी तरह के विकास कार्य जारी रहेंगे। कार्यक्रम के प्रारंभ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं वार्डवासियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भवनों का लोकार्पण किया। इस दौरान राजकुमार डुलानी, अरुण डुलानी, प्रकाश वाधवानी, गंभीर जैन, आलोक बिंदल, हिमांशु सोनी, श्रीमती श्यामाबाई नायक, उप अभियंता तिलक राज ध्रुव सहित निगम अमला व बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here