Home छत्तीसगढ़ डोंगरगांव: सडक़ निर्माण में पीडब्ल्यूडी और नगर पंचायत आमने-सामने…

डोंगरगांव: सडक़ निर्माण में पीडब्ल्यूडी और नगर पंचायत आमने-सामने…

57
0

डोंगरगांव (दावा)। सडक़ का निर्माण यातायात सुचारू रूप से चलाने और सुविधा बढ़ाने के लिए होता लेकिन यहां नगर में निर्माणाधीन सडक़ शहरवासियों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। पीडब्लूडी के अधिकारी एसडीओ की देखरेख में बनने वाली इस सडक़ की वजह से लगातार शहरवासियों के लिए मुसीबतें खड़ी कर रहा है. फिर चाहे बेतरतीब विद्युत पोल लगाने का मामला हो या फिर सडक़ के नीचे गुजरने वाली पाईप लाईन के बार बार टूटने का मामला हो, शहर में लगने वाले सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर में लगातार तीनों दिवस मात्र 3.6 किलोमीटर के इस सडक़ निर्माण का मामला गुुंजता रहा और इसके दूसरे दिवस ही इस कार्य में लगे ठेकेदार द्वारा शहर की तीन मुख्य पाईप लाईनों को ध्वस्त कर दिया गया। सांस्कृतिक भवन के समीप पुलिया से लगकर सडक़ किनारे से गुजरने वाले इन पाईप लाईनों को इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया है कि इनका तुरंत बन पाना लगभग असंभव है, इसके पूर्व भी पाईप लाईन टूटने पर पेयजल सुचारू रूप से चलाने के लिए नगर पंचायत द्वारा अपने कर्मचारियों से सुधार करवा दिया जाता था लेकिन इस बार बगैर किसी को जानकारी दिए जानबूझकर किये गए इस कृत्य के चलते नगर पंचायत ने भी अपने हाथ खड़े कर लिये हैं और संबंधित के खिलाफ शासकीय संपत्ति का नुकसान करने के लिए कानूनी कार्यवाही करने थाने में आवेदन दिया है।
पानी की आपूर्ति होगी बाधित
मुख्य पाईप लाईनों के टूटने से पूरे शहर में पानी की आपूर्ति बाधित होगी और यह तब तक रहेगी जब तक तीनों पाईप लाईन को पुन: जोड़ नहीं दिया जाता, ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी विभाग की जानबूझकर की गई इस गलती की वजह से पूरे शहरवासियों को पेयजल और निस्तारी के पानी के लिए भुगतना पड़ेगा। बता दें कि तीनों पाईप लाईन टूटने के बाद इसमें नाली का गंदा पानी भी चला गया है, ऐसे में शहरवासी इस पाईप लाईन से आने वाले पानी को उपयोग करने से बीमार पडऩे की भी आशंका जाहिर की जा रही है।
जमकर हुआ विवाद- गलती पीडब्ल्यूडी की ठीकरा फूटेगा नगर पंचायत पर
शनिवार की सुबह सडक निर्माण में लगे लेखराम कंस्ट्रक्शन के वर्करों ने ठेकेदार के आदेशानुसार सांस्कृतिक भवन के सामने डाले गए नये पाइप से पानी निकासी हेतु मिट्टी हटाने पहुंचे थे, इसी दौरान उनके द्वारा जेसीबी व्दारा पानी सप्लाई करने वाले तीन मेन पाइप लाइन को बुरी तरह तोड़ दिया गया, जिसके बाद मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष, सीएमओ सहित अन्य पार्षदगण व नगरवासी पहुंचे और मौके पर पीडब्लूडी एसडीओ हर्षद साहू, ठेकेदार के पुत्र राजेन्द्र साहू को बुलवाया गया और उनसे जमकर बहस हुई. नपं अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी ने एसडीओ और ठेकेदार के पुत्र को जमकर लताड़ लगाई और पाइप लाइन तुरंत ठीक करके देने कहा। इतना कुछ होने के बाद भी ठेकेदार के पुत्र के द्वारा अपनी गलती ना मानते हुए वाद-विवाद में उतर आए. काफी देर तक वाद विवाद होने के बाद पाइप लाइन बनाने को दोनों तैयार हुए लेकिन समाचार लिखे जाने तक मौके पर कोई कर्मचारी काम करते नहीं दिखा।
पानी के मेन पाईप लाईन को तोड़ दिया गया है, इनके द्वारा बार-बार पाईप लाईन को क्षति पहुंचाई जा रही है और जनसुविधा को देखते हुए नगर पंचायत के अमले व्दारा लगातार सुधार करवाया जाता है, इस बार जानबूझकर की गई गलती को लेकर तथा इस पूरे घटना क्रम में जो भी दोषी हैं, उनके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही हेतु डोंगरगांव थाने में आवेदन दिया गया है-
विनम्र जेमा, सीएमओ नपं डोंगरगाँव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here