राजनांदगांव। जेष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को माहेश्वरी समाज के आराध्य भगवान महेश की पूजा-अर्चना के साथ समाज का वंशोत्पत्ति दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज द्वारा महाकाल यात्रा की तर्ज पर शहर में निकाली गई भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा की धूम रही। शहर के रामाधीन मार्ग स्थित माहेश्वरी भवन से शाम को बाजे-गाजे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा में भगवान शिव-शंकर महेश की आकर्षक प्रतिमा वाली मनोहारी झांकी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में धार्मिक गीतों के साथ भगवान महेश की भक्ति में झूमते-नाचते चल रहे माहेश्वरी समाज के लोगों का भक्ति-भाव देखते ही बनता था।
धूमधाम के साथ शहर भ्रमण के लिए निकली शोभायात्रा का नेतृत्व माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष पवन डागा, सचिव संजय लड्ढा, उपाध्यक्ष दामू भूतड़ा, राजेन्द्र लड्ढा, जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष गोविन्द मलानी आदि ने किया। इस दौरान शोभायात्रा में सुप्रसिद्ध उद्योगपति व समाजसेवी दामोदरदास मूंदड़ा, कमल पोरवाल, अनिल मुंदड़ा, श्रीकांत सारडा, गोवर्धन दास लोहिया, सूर्यकांत चितलांग्या, नंदकिशोर सुरजन, योगेश बागड़ी, पुरुषोत्तम गांधी, डॉ. नरेन्द्र गांधी, डॉ. राजेश सदानी, ओमप्रकाश भूतड़ा, प्रमोद बागड़ी, हरिश गांधी आदि के अलावा समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं व अन्य सामाजिकजन शामिल थे।
भगवान महेश की पूजा-अर्चना
समाज के अध्यक्ष पवन डागा, उपाध्यक्ष दामू भूतड़ा, सह-सचिव नीरज पोरवाल, राजू डागा आदि ने बताया कि भगवान महेश नवमी के आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश सभा के सत्यनारायण राठी, गजेंद्र चांडक, श्रीमती कविता राठी विशेष तौर पर उपस्थित थे। महापौर मधुसूदन यादव शोभायात्रा में शामिल होकर माहेश्वरी समाज को वंशोत्पत्ति दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। बताया गया है माहेश्वरी समाज के आराध्य भगवान महेश नवमी के अवसर पर बुधवार को सुबह से ही प्रभात फेरी के पश्चात भगवान महेश की विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना आयोजित रही। इसके अलावा समाज के द्वारा मरीजों व याचकों में फल वितरण के साथ रेल्वे स्टेशन वृद्धा आश्रम में व्हील चेयर भेंट की। भगवान श्री महेश की महाप्रसादी के रूप में भंडारे का आयोजन किया गया। बता दें कि भगवान महेश नवमी पर्व को लेकर समाज के लोगों ने हर्षोल्लास का माहौल रहा। शहर के रामाधीन मार्ग स्थित माहेश्वरी भवन से शाम को 5 बजे निकली भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा में समाज के बड़े-बुजुर्गो सहित बड़ी संख्या में सामाजिकजन और महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे।
समाज के प्रदेश पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान महेश नवमी का पर्व माहेश्वरी समाज के वंशोत्पत्ति का परम-पूनित दिवस है। इस पूनित अवसर पर माहेश्वरी समाज का 5158 वां वंशोत्पत्ति दिवस पूरे देश और प्रदेश भर में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि माहेश्वरी समाज एक ऐसा समाज है जो राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रादेशिक स्तर एवं जिला स्तर में भी काम करता है जिसमें समाज की महिलाओं का भी संगठन जुड़ा हुआ है। जिनके माध्यम से इस पर्व अवसर पर वृक्षारोपण, फल वितरण एवं मंचीय कार्यक्रम सहित अन्य भक्ति-भावना पूरक रचनात्मक कार्य संपादित किया गया।



