Home देश-विदेश अहमदाबाद प्लेन क्रैश से हड़कंप:अहमदाबाद से लंदन जा रहा था विमान, PM...

अहमदाबाद प्लेन क्रैश से हड़कंप:अहमदाबाद से लंदन जा रहा था विमान, PM मोदी ने ली हादसे की जानकारी….

117
0
विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और कनाडाई नागरिक थे सवार
एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली उड़ान संख्या AI171 आज उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अहमदाबाद से दोपहर 1338 बजे रवाना हुई इस उड़ान में बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, 1 कनाडाई नागरिक है और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है।

03:15 PM, 12-JUN-2025
एयर इंडिया के चयरमैन ने जताया दुख
एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने भी विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज एक दुखद हादसे का शिकार हो गई। इस घटना से प्रभावित सभी लोगों और उनके परिवारों के लिए हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस समय हमारा ध्यान उन सभी लोगों की मदद करने पर है जो इस हादसे में प्रभावित हुए हैं और उनके परिवारों को हर तरह की सहायता देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी इमरजेंसी टीम घटनास्थल पर मौजूद है। जरूरतमंद लोगों को पूरी मदद दी जा रही है। जैसे ही हमें और सही जानकारी मिलेगी, हम आगे अपडेट देते रहेंगे। उन्होंने बताया कि हमने एक इमरजेंसी हेल्प सेंटर शुरू किया है ताकि जिन परिवारों को जानकारी चाहिए, उन्हें मदद मिल सके।
03:08 PM, 12-JUN-2025
PM मोदी ने विमान दुर्घटना का जायजा लिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की। उन्होंने विमान दुर्घटना का जायजा लिया। मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। पीएम मोदी ने मंत्री से कहा है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहें। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं।
03:04 PM, 12-JUN-2025
SVPIA अहमदाबाद की सभी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित
सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एसवीपीआईए) प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अहमदाबाद फिलहाल चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।
02:58 PM, 12-JUN-2025
विजयवाड़ा से अहमदाबाद पहुंचे राममोहन नायडू
नागरिक उड्डन मंत्री राममोहन नायडू विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलते ही तुरंत विजयवाड़ा से अहमदाबाद पहुंच गए हैं। वे डीजीसीए, एनडीआरएफ और गुजरात राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि त्वरित, समन्वित प्रतिक्रिया और सहायता सुनिश्चित की जा सके। बचाव और चिकित्सा दल मौके पर हैं।
02:53 PM, 12-JUN-2025

दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान जारी
अहमदाबाद में जिस जगह एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, वहां पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अग्निशमन सेवाएं और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं।

02:53 PM, 12-JUN-2025
सीएम भूपेंद्र पटेल ने घटना पर जताया दुख
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैंने अधिकारियों को तत्काल बचाव और राहत कार्य चलाने और घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने और अस्पताल में इलाज की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।’
02:47 PM, 12-JUN-2025
उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के मुताबिक, एयर इंडिया का B787 विमान VT-ANB, उड़ान संख्या AI-171 अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 लोग संवार थे, जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी और उसके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।
02:45 PM, 12-JUN-2025

अमित शाह ने गुजरात सीएम से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विमान दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की। उन्होंने केंद्र सरकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है।

02:44 PM, 12-JUN-2025

गांधीनगर से दुर्घटना स्थल पर भेजी गईं तीन टीमें
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 90 कर्मियों वाली 3 टीमें गांधीनगर से विमान दुर्घटना स्थल पर भेजी गई हैं। वडोदरा से कुल 3 और टीमें भेजी जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here