रायपुर (दावा)। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीजन 2) का भव्य समापन समारोह कल रात्रि 9 बजे शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में संपन्न हुआ। लीग का फाइनल मुकाबला राजनांदगांव पैंथर्स एवं रायपुर रहीनोज़ के मध्य होना था परंतु पानी गिर जाने के कारण यह मुकाबला नहीं खेला जा सका और लीग के नियमानुसार दोनों ही टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। कल का फाइनल मुकाबला रोमांचक होने कि संभावनाओं को देखते हुए भारी संख्या में क्रिकेट प्रेमी अपनी अपनी टीमों के समर्थन में टी-शर्ट पहनकर खिलाडिय़ों का उत्साह वर्धन करने स्टेडियम पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पिच क्यूरेटर एवं मैदानी प्रबंधन व्यवस्था को देखने वाले कर्मियों की अथक मेहनत एवं प्रयासों के पश्चात भी मुकाबला शुरु होने की संभावना खत्म हो गई थी।
पुरस्कार वितरण समारोह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं बीसीसीआई के उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला, खेल मंत्री टंकराम वर्मा, सीएससीएस के डायरेक्टर बलदेव सिंह भाटिया, विधायक खुशवंत सिंह, सीएससीएस के डायरेक्टर विजय शाहजी, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया, सीएससीएस के अध्यक्ष जुबिन शाह, सचिव मुकुल तिवारी, लीग के चेयरमैन प्रमोद शंकर शर्मा की विशिष्ट उपस्थिति में संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि विष्णुदेव साय ने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों के लिए इसे बहुत ही महत्वपूर्ण प्लेटफार्म बताया। उन्होंने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के इन प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया हैं कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी आईपीएल एवं राष्ट्रीय टीमों में खेलते नजर आएंगे। राजीव शुक्ला ने भी अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के इस भव्य आयोजन की सराहना करते हुए विश्वास दिलाया है कि आने वाले वर्षों में इस शानदार स्टेडियम में कई अंतर्राष्ट्रीय मैच निश्चित रूप से होंगे। संबोधन पश्चात अतिथियों ने दोनों ही टीमों के कप्तान राजनांदगांव पैंथर्स के अजय मंडल एवं रायपुर राइनोज के अमनदीप खरे को संयुक्त आमंत्रित करते हुए आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा खेल प्रेमी उपस्थित थे। लीग के सर्वाधिक विकेट लेने वाले एवं सर्वाधिक रन बनाने वाले सर्वश्रेष्ठ 6 लोगों में से 4 राजनांदगांव पैंथर्स के खिलाड़ी हैं।



