कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
मामला ग्राम पंचायत सडक़ चिरचारी का
छुरिया (दावा)। पंचायत सडक़ चिरचारी में सूचना पटल गिरने से मासूम बच्चे की मौत के मामले की जांच कराने कलेक्टर ने तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है । उन्हें एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गये हैं ।
विकासखण्ड छुरिया के ग्राम पंचायत सडक़ चिरचारी में पूर्व सरपंच द्वारा सेवा सहकारी समिति के बाउण्ड््रीवाल में ईंट से बनाये गये सूचना पटल के गिर जाने से उसमें दबे मासूम बालक युवांश पिता नरेन्द्र उम्र पांच वर्ष की मौत हो गई । परिजनों एवं ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के पूर्व सरंपच ने सूचना पटल के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जिसके चलते यह हादसा हो गया । खबर लगते ही पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू ने परिजनों एवं गुस्साए ग्रामीणों के साथ नेशनल हाइवे मार्ग पर चक्काजाम कर पीडि़त परिवार को मुआवजा एवं निर्माण कार्य में गड़बड़ी करने वाले और इसमें संलिप्त अधिकारियों पर कार्यवाही की मांग करते हुए धरने पर बैठ गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमलों में हडक़म्प मच गया। तत्काल घटना स्थल पर एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम, तहसीलदार विजय कोठारी, जनपद सीईओ होरीलाल साहू बागनदी थाना प्रभारी विजय मिश्रा एवं पुलिस के आला अधिकारियों ने मोर्चा संभालकर पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा एवं जांच कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ। सोमवार को मृतक बालक के माता-पिता हैदराबाद से वापस लौटे जिसके बाद गमगीन माहौल में बालक का दाह संस्कार किया गया। इधर मासूम बच्चे की मौत की जांच कराने जिला कलेक्टर ने तीन सदस्यीय टीम का गठन कर एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने निर्देश दिये हैं। इस जांच टीम में संयुक्त कलेक्टर सरस्वती बंजारे, लोक निर्माण विभाग के ईई एस.के. चौरसिया, उपसंचालक पंचायत देवेन्द्र कौशिक को जिम्मा सौंपा गया है।
पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता
पंचायत के निर्माण कार्य में ईंट से बने सूचना पटल के गिरने से मासूम बालक की मौत हो गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया । जहां एसडीएम ने पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता के तहत पचास हजार रूपये का अनुदान सौंपा है।
पंचायतों में अब ईंट का नहीं बनेगा सूचना पटल
जनपद पंचायत छुरिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत सडक़ चिरचारी में घटिया सामग्री से बनाये गये सूचना पटल के गिर जाने से मासूम बालक की मौत हो गई। इस हादसे के बाद जनपद पंचायत में निर्माण कार्यों के संबंध में आवश्यक बैठक लिया गया। जिसमें पंचायतों के निर्माण कार्यों में अब ईंट का सूचना पटल के स्थान पर लोहे का बोर्ड बनाने का निर्णय लिया गया है।



