राजनांदगांव (दावा)। नगर के उभरते वॉलीबॉल खिलाड़ी महेंद्र ध्रुव ने अपने खेल को और भी अधिक धारदार करते हुए बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अंडर 19 एशियन वॉलीबॉल में महेंद्र ध्रुव के नेतृत्व में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवशाली स्थान दिलाया है। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में भारत ने किर्गिस्तान की टीम को 3- 1 के अंतर से हराकर कप पर अपना अधिकार कर लिया।
ताशकंद और उज़्बेकिस्तान के संयुक्त आयोजन में 10 जून से 16 जून तक अंडर 19 मेंस वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन ताशकंद में किया गया। नगर के युवा वॉलीबॉल खिलाड़ी महेंद्र ध्रुव को उक्त चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल का कप्तान चुना गया। अपने शानदार खेल की बदौलत साथी खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाते हुए महेंद्र ने अपनी टीम को पहली जीत किर्गिस्तान के खिलाफ 3-0 के शानदार अंतर दिलाया। अगले दौर में भारत का मुकाबला उज़्बेकिस्तान के साथ हुआ। इस मैच को भी महेंद्र की टीम ने आसानी से 3-1 के अंतर से जीत लिया। अंतिम रूप से अब भारतीय दल को तीसरे स्थान के लिए किर्गिस्तान से ही खेलना था। पहले दौर में भारत ने उसे मात दी थी। पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए भारत ने तीसरे स्थान के लिए भी किर्गिस्तान को हराकर कप अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट में भारत के अलावा उज़्बेकिस्तान की 2 टीमें, ईरान तथा किर्गिस्तान की टीमों ने हिस्सा लिया। महेंद्र ध्रुव की उक्त उपलब्धि पर जिला वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारियों सहित उनकी माता संध्या ध्रुव, अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रेखा पदम ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की हैं। ज्ञात हो कि जिला वालीबॉल संघ राजनांदगांव के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह गरचा, पूर्व सचिव आबिद बेग इसे सन् 2016 से 2024 तक महत्वपूर्ण योगदान दे रहे है।



