अंबागढ़ चौकी (दावा)। अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के कोटरा गांव में शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है। जब क्षेत्र में वन्यजीवों की आबादी बढऩे और उनके रिहायशी इलाकों के करीब आने की खबरें लगातार मिल रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग इस गंभीर स्थिति के प्रति उदासीन बना हुआ है और किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार रात लगभग 9 बजे गांव के कोटरा क्षेत्र में तेंदुए को घूमते हुए देखा गया। जिसके बाद ग्रामीणों में हडक़ंप मच गया। गांव वालों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन खबर लिखे जाने तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। एक ग्रामीण ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हमने तुरंत वन विभाग को फोन किया, लेकिन कोई त्वरित प्रतिक्रिया नहीं मिली। हमें अपनी सुरक्षा की चिंता है और बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर लग रहा है।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि वन विभाग इस संवेदनशील मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उनका कहना है कि अगर समय रहते तेंदुए को पकड़ा नहीं गया या उसे वापस जंगल में नहीं भेजा गया तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस मामले में जब वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग तत्काल कार्रवाई करे और तेंदुए को पकडक़र सुरक्षित स्थान पर छोड़े, ताकि ग्रामीण भयमुक्त होकर रह सकें।



