Home छत्तीसगढ़ नगर के शिव शंकर जोशी को मिलेगा ‘विजय श्री’ सम्मान, 26 को...

नगर के शिव शंकर जोशी को मिलेगा ‘विजय श्री’ सम्मान, 26 को जयपुर में भव्य आयोजन…

35
0

राजनांदगांव (दावा)। राजनांदगांव जिले के चौखडिय़ा पारा निवासी प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य शिव शंकर जोशी को इस वर्ष ‘विजय श्री अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें 26 जुलाई 2025 को जयपुर में कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। जोशी को समाज के पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों के लिए दशकों से नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित उनके जीवन के लिए चुना गया है।
25 देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा आयोजन
इस गरिमामय समारोह का आयोजन ‘अंतरराष्ट्रीय समरस्ता मंच’ द्वारा किया जा रहा है, जो विश्व बंधुत्व, शांति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाला एक वैश्विक संगठन है। मंच के प्रमुख सलाहकार, राजस्थान उच्च न्यायालय के अधिवक्ता डॉ. कुंदनलाल प्रसाद शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उन मूल्यों का उत्सव है, जो समाज और मानवता को जोड़ते हैं। समारोह में 25 देशों के प्रतिनिधि, विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवी, अधिकारी, समाजसेवी और युवा शामिल होंगे, जिससे इसे एक अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा।
75 लोगों को मिलेगा ‘विजय श्री अवॉर्ड’
इस वर्ष ‘विजय श्री अवॉर्ड 2025’ देशभर से चुने गए 75 विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाएगा। जिन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, समाज सेवा, न्याय, प्रशासन और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में अनुकरणीय कार्य किए हैं। शिव शंकर जोशी का चयन विशेष रूप से उनकी नि:शुल्क आयुर्वेदिक सेवा, ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य शिविरों के संचालन के लिए किया गया है। चयन समिति के सदस्य एडवोकेट एन. के. पांडे ने बताया कि श्री जोशी का कार्य केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि जनसामान्य के जीवन की गुणवत्ता सुधारने का प्रयास भी है।
527 कारगिल शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
कारगिल विजय दिवस पर आयोजित इस समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पहलू 527 कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि देना होगा। कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों, दीप प्रज्वलन और सामूहिक मौन के साथ होगी। शहीदों के परिजनों को भी इस अवसर पर आमंत्रित किया गया है, ताकि युवा पीढ़ी को यह संदेश दिया जा सके कि देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के पीछे कितना बड़ा बलिदान छिपा होता है।
‘विजय श्री’ विषय पर प्रस्तुति देंगे शिव शंकर जोशी
समारोह में शिव शंकर जोशी ‘विजय श्री’ विषय पर एक विशेष प्रस्तुति भी देंगे। इसमें वे अपनी आयुर्वेदिक यात्रा, समाज सेवा के अनुभवों और भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता पर अपने विचार साझा करेंगे। उनके विचार युवा चिकित्सा कर्मियों और सेवाभावियों को निश्चित रूप से प्रेरित करेंगे। उल्लेखनीय है कि शिव शंकर जोशी पिछले दो दशकों से अधिक समय से ग्रामीण क्षेत्रों में नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श, औषधि वितरण, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविरों और जन जागरूकता अभियानों से जुड़े हुए हैं।
राजनांदगांव के लिए गौरव का क्षण
कला, संस्कृति और सेवा के क्षेत्र में अपनी पहचान रखने वाले राजनांदगांव के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है कि उसके एक कर्मयोगी सपूत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों, चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस सम्मान को छत्तीसगढ़ और राजनांदगांव के लिए ‘प्रेरणास्रोत और गर्व का प्रतीक’ बताया है। यह उत्सव सिर्फ युद्ध में मिली विजय की नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की कहानी भी है। 26 जुलाई का यह दिन जहां कारगिल के शहीदों की वीरगाथा को याद करने का अवसर है। वहीं शिव शंकर जोशी जैसे उन व्यक्तित्वों को भी सराहने का मंच है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here