Home छत्तीसगढ़ मदिरा दुकान की शराब में मिलावट करने व ओवर रेट में बेचने...

मदिरा दुकान की शराब में मिलावट करने व ओवर रेट में बेचने प्लेसमेंट कं. बना रही दबाव…

100
0

परेशान कर्मचारियों ने सहायक आयुक्त आबकारी को लिखा पत्र

राजनांदगांव (दावा)। शहर सहित जिले भर में सरकारी शराब दुकानें संचालित है। सरकारी शराब भ_ियों में मदिरा प्रेमियों की लाइन लगी रहती है। इससे जिले में बड़ी मात्रा में शराब की खपत होती है। इसे देखते हुए कुछ तत्व सरकारी शराब दुकानों के कर्मचारियों पर शराब में मिलावट कर बेचे जाने व ओवर रेट में दिए जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा हैं। इससे शराब दुकानों के सुपरवाइजर व सेल्समेनों को यह बात नागवार गुजर रही है और इसकी शिकायत सहायक आयुक्त आबकारी से की गई है। यही नहीं इन कर्मचारियों ने उक्त शिकायत की प्रति जिला कलेक्टर व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को भी प्रेषित किया है।

राजदीप कंपनी के लोकेशन आफिसर दे रहे दबाव
शहर के मोहारा क्षेत्र, रेवाडीह, बायपास रोड, चिखली, सोमनी क्षेत्र व अन्यान्य स्थानों पर संचालित सरकारी शराब दुकानों के सुपरवाइजर, सेल्समेनों द्वारा अपने दस्तखतों सहित सहायक आबकारी आयुक्त को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि राजदीप कंपनी के लोकेशन आफिसर रंजन व रविंद्र सहित खुमेश कुमार व उनके साथ आए एक अन्य व्यक्ति द्वारा शराब में मिलावट किए जाने तथा उसे ओवर रेट में बेचने के लिए दबाव बना रहे है। उक्त लोगों के द्वारा गलत कार्य किए जाने के दबाव से हम सभी परेशान हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि वे सभी विगत चार-पांच वर्षों से राजनांदगांव जिले के शराब दुकान में काम कर रहे हैं और कभी शराब में मिलावट तथा ओवर रेट में बेंचे जाने का कार्य नहीं किए हैं और न भविष्य में इस तरह के गलत काम करना चाहती है, लेकिन उन पर अनावश्यक दबाव बनाकर हमें परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है और धमकी दी जा रही है कि यदि ऐसा नहीं करोगे तो उन्हें नौकरी से निकाल देंगे। इससे वे सभी डरे हुए हैं।

जबरदस्ती दुकानों में कर रहे प्रवेश, दे रहें धमकी
कर्मचारियों का कहना है कि राजदीप कंपनी के उक्त लोगों द्वारा प्रभारी अधिकारी से भी ग़लत तरीके के बात किया जाता है तथा इनकी भी बात वे नहीं सुनते। कर्मचारियों का कहना है कि हाल ही में सीएसएमसी-4 ग्रुप में मैसेज डाला गया कि राजदीप कंपनी वाले बिना प्रभारी अधिकारी के दुकान में प्रवेश करेंगे। कर्मियों का कहना है कि उक्त लोग छुरिया और वार्ड नं. 22 की दुकान में बिना प्रभारी अधिकारी के प्रवेश कर उन लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी है। राजदीप कंपनी के उक्त लोगों द्वारा कहा गया है कि शराब दुकान आबकारी विभाग के हिसाब से नहीं कंपनी के हिसाब से चलेगी।

अवैध कार्य करने किया जा रहा मजबूर
सहायक आयुक्त आबकारी को सौपे गए पत्र सरकारी शराब दुकानों के सुपरवाइजर व सेल्समेनों ने कहा है कि राजदीप कंपनी वाले लोगों की इसी तरह शराब दुकानों में बगैर प्रभारी अधिकारी के जबरदस्ती प्रवेश होते रहा व भविष्य में शराब में मिलावट व ओवर रेट में बेचने जाने की घटना होती है तो यह सब राजदीप कंपनी के अभिषेक रंजन, रविन्द्र, खुमेश कुमार व कंपनी के अन्य लोगों दबाव में किया जाना माना जाए। क्योंकि दुकान के सुपरवाइजर व सेल्समेन आदि इनके डर से मजबूरी में यह कार्य कर भी सकते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी के लोग समय पर वेतन नहीं डालने की भी धमकी देते हैं, इससे हमारे लोग टूट भी सकते हैं। कर्मचारियों ने सहायक आयुक्त आबकारी से उपरोक्त परिस्थितियों पर ध्यान देते हुए उनके वेतन समय पर डालने की अपील की है तथा राजदीप कंपनी के लोगों द्वारा किए जा रहे अवैध कार्य करने के दबाव से उपजी गंभीर समस्या को संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द निराकरण किए जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here