तीन दिनों में तालाब में डूबने की दूसरी दर्दनाक घटना
अम्बागढ़ चौकी (दावा)। अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से हो रही मौते थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को बाँधाबाजार से एक और दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ तीन वर्षीय मासूम जानवी की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
मासूम की अकाल मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाँधाबाजार निवासी पवन गाड़ा अपनी पत्नी के साथ घर में मौजूद थे और घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। इस दौरान उनकी पुत्री जानवी घर के आँगन में पालतू कुत्ते के साथ खेल रही थी।
बताया गया कि जानवी की माँ कुछ ही पल के लिए घर के भीतर कंघी लेने गई, तभी यह हृदयविदारक घटना घटित हो गई। घर के ठीक सामने स्थित तालाब के पास खेलते-खेलते जानवी कब पचरी तक पहुंच गई, इसका अंदाजा किसी को नहीं हुआ। पचरी से फिसलकर वह सीधे तालाब में गिर पड़ी।
पास में मौजूद पालतू कुत्ते ने भौंककर परिजनों को सतर्क किया, जिसके बाद जानवी को तुरंत तालाब से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जानवी को मृत घोषित कर दिया। तीन साल की नन्हीं जान की मौत से माता-पिता बेसुध हैं, वहीं पूरे परिवार और गाँव में शोक का माहौल है। गौरतलब है कि इससे पहले मात्र दो दिन पूर्व ग्राम छछानपहरी में तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हुई थी।



