शराबी ड्राइवर की लापरवाही से गई बच्चे की जान
ग्रामीणों और परिजनों की मांग- पूर्ण शराब बंदी हो
डोंगरगांव (दावा)। भारी वाहन के ड्राइवर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दीवानभेड़ी में डेढ़ साल के बच्चे को रौंद दिया। इस घटना में बच्चे की मौके पर ही मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि ड्रायवर के द्वारा बीजाभांठा-दीवानभेड़ी रोड में भी कुछ लोग इसकी चपेट में आते-आते बच गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दीवानभेड़ी पंचायत कार्यालय के समीप चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण और बच्चे के पिता की मांग रही कि गांव-गांव में शराब बिक रहा है और यहां तो शराब बिक्री चरम पर है, इसे बंद होना चाहिए, शराब के कारण बच्चे की जान गई है।
मौके पर मिली जानकारी के अनुसार डेढ़ वर्षीय बच्चा प्रांजल साहू पिता शरद साहू घर से खेलते हुए बाहर आया और अपने दोस्तों के पास रोड तक पहुंच गया। इसी दौरान लापरवाहीपूर्वक 14 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी -08/एल 1686 चलाते हुए एवन साहू पिता सुंदरलाल साहू निवासी दीवानभेड़ी ने ग्राम पंचायत से 300 मीटर की दूरी पर बच्चे को कुचल दिया। मौके पर उपस्थित लोगों ड्रायवर को पकडकऱ जमकर पिटाई की और डोंगरगाँव-तुमड़ीबोड़ मार्ग में घटनास्थल ग्राम दीवानभेड़ी में मासूम का शव रखकर चक्काजाम कर दिया। घंटों के इस चक्काजाम में मौके पर एसडीएम श्रीकांत कोराम, नायब तहसीलदार झरना राजपूत सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण सीएसपी, तुमड़ीबोड़ टीआई तथा डोंगरगांव टीआई व पुलिस के जवान उपस्थित रहे।
ग्रामीणों की मानें तो राइस मिल के संचालक जानबूझकर असंयमित ड्राइवरों को कम तनख्वाह में काम पर रखा है और इनमें से अधिकांश ड्राइवर शराब का सेवन कर गाड़ी चलाते हैं और इस घटना में शामिल ड्राइवर भी मिल से गाड़ी लेकर निकला था और बीच में रुककर शराब का सेवन कर आगे बढ़ा था और महज आधे किलोमीटर दूर गांव में यह दुर्घटना हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कांकरिया पोहा व मुरमुरा उद्योग के मालिक को बुलवाने की मांग करते रहे। उनके आने के बाद लंबी बातचीत के बाद 4 लाख मुआवजा और शासन के नियमानुसार 25 हजार रुपए देने की बात पर सहमति बनी। जिसके बाद बच्चे के शव को पोस्टमार्टम हेतु पेंड्री मेडिकल कालेज भेजा गया, वहीं ग्रामीणों ने अंतिम समय तक अवैध शराब बिक्री बंद करने की मांग करते रहे ओर मौकै पर पुलिस के विरूद्ध नारे भी लगाए गए।



